1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राम मंदिर के पहले CEO का नाम कब आएगा सामने? बैठक में हो गया तारीख का खुलासा

राम मंदिर के पहले CEO का नाम कब आएगा सामने? बैठक में हो गया तारीख का खुलासा

राम मंदिर के CEO के पर फैसला जल्द ही सामने आ सकता है। सामने आई जानकारी के अनुसार, बुधवार 2 सितंबर को अयोध्या के मणिराम दास जी की छावनी में 3 बजे से रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक आयोजित की जाएगी।

Ram mandir new CEO Announcements- India TV Hindi
Image Source : PTI जल्द होगा राम मंदिर के CEO का ऐलान।

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित राम मंदिर के परिसर में मंगलवार को महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में CEO के चयन के लिए बनाई गई समिति के पदाधिकारी और राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी, कार्यकारी महामंत्री कृष्ण मोहन, पदेन सदस्य जिला अधिकारी अयोध्या शशांक त्रिपाठी मौजूद रहे। इसके अलावा निर्मोही अखाड़ा के महंत और राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य दिनेंद्र दास भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक के बाद इस बात का भी खुलासा हो गया है कि राम मंदिर के नए CEO का नाम की घोषणा कब की जाएगी। 

कब होगी नाम की घोषणा?

राम मंदिर के पहले CEO के नाम की आधिकारिक घोषणा बुधवार को होने वाली राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में की जा सकती है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर चयन समिति के द्वारा तीन नाम को शॉर्ट लिस्ट किया गया है। CEO को चुनने के लिए 3 सदस्यों की सर्च कमेटी का गठन किया गया था जिसमें रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी, पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हवारे और पूर्व जस्टिस प्रमोद कोहली शामिल थे। इन्होंने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट एक बैठक में सौंपी। इस बैठक में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य- कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि महाराज, महंत दिनेन्द्र दास, कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन और अयोध्या के जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

इस बारे में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज ने कहा- "इस रिपोर्ट पर बुधवार को ट्रस्ट की बैठक में चर्चा की जाएगी। मुझे उम्मीद है कि (राम मंदिर के पहले CEO के नाम की घोषणा) हो जाएगी, लेकिन नाम का ऐलान  करना है या नहीं, इस बात का फैसला ट्रस्ट ही करेगा।"

खाली पदों पर भी नियुक्ति होगी

राम मंदिर ट्रस्ट के खाली पदों पर भी नियुक्ति को लेकर बुधवार को घोषणा हो सकती है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के पश्चात राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा के इस्तीफे के साथ ही बीते दिनों राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद से राम मंदिर ट्रस्ट में तीन पद खाली हैं। तीनों पदों पर चयन की घोषणा बुधवार को हो सकती है।

सचिव के पद पर नियुक्ति लगभग तय

सामने आई जानकारी के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट में सचिव के पद की नियुक्ति लगभग हो तय चुकी है। राम मंदिर ट्रस्ट के सचिव जगदीश आफले हैं जिनके नाम की आधिकारिक घोषणा बुधवार को होगी। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य रहे राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के पुत्र व साहित्यकार यतीन्द्र मिश्रा, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महासचिव बजरंग लाल बांगड़ा और राम विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय परामर्श समिति के सदस्य दिनेश जी भी ट्रस्ट में शामिल हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा को बड़ी राहत! SIT की अंतिम रिपोर्ट में क्लीन चिट

क्लीन चिट मिलने के बाद चंपत राय ने लिखी 9 पेज की चिट्ठी, जानें राम मंदिर की व्यवस्था को लेकर क्या-क्या बताया