1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के ठिकानों पर ED की छापेमारी, 23 से ज्यादा FIR और 60 आपराधिक मामलों की जानकारी मिली

पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के ठिकानों पर ED की छापेमारी, 23 से ज्यादा FIR और 60 आपराधिक मामलों की जानकारी मिली

समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के ठिकानों पर ED की छापेमारी हुई है। ईडी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान उन्हें 23 से ज्यादा FIR और 60 आपराधिक मामलों की जानकारी भी मिली है।

former MLA Deep Narayan Singh Yadav ed raid- India TV Hindi
Image Source : FACEBOOK (@DEEPNARAYANSINGHYADAVJHANSI) पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के ठिकानों पर रेड।

प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में बड़ी कार्रवाई की है। ED ने समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। ये छापेमारी पूर्व विधायक के झांसी और लखनऊ स्थित ठिकानों पर की गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव पर आय से ज्यादा संपत्ति बनाने का आरोप लगा है। आइए जानते हैं कि ईडी की इस कार्रवाई के बारे में अब तक क्या जानकारी निकलकर सामने आई है।

क्या है पूरा मामला?

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को झांसी और लखनऊ में कई जगहों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई झांसी की गरौठा सीट से पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव और उनके करीबियों के खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई। ED के मुताबिक यह जांच उत्तर प्रदेश विजिलेंस की एफआईआर के आधार पर शुरू की गई है। आरोप है कि पूर्व विधायक ने अपनी आय से ज्यादा संपत्ति बनाई। जांच में यह भी सामने आया है कि रियल एस्टेट और दूसरे कारोबार से जुड़ी कई कंपनियों और एलएलपी के जरिए पैसे का लेन-देन किया गया।

60 आपराधिक मामलों की जानकारी मिली

ED के मुताबिक, इस मामले में  23 से ज्यादा एफआईआर पहले से दर्ज हैं। शुरुआती जांच में करीब 60 आपराधिक मामलों की भी जानकारी मिली है। इनमें धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज बनाना, रंगदारी, हत्या की कोशिश, डकैती समेत कई मामले शामिल हैं। इनके अलावा यूपी गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी केस दर्ज हैं। छापेमारी पूर्व विधायक, उनके परिवार के लोगों और उनसे जुड़े लोगों व कंपनियों के घरों और दफ्तरों में की जा रही है। जांच एजेंसी को शक है कि गैरकानूनी तरीके से कमाए गए पैसे से संपत्तियां बनाई गई हैं।

छापेमारी में क्या-क्या मिला?

ED की ओर से मिली जानकारी मुताबिक, छापेमारी के दौरान कई जरूरी दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और बैंक लेन-देन व चल-अचल संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड मिले हैं। इनकी जांच की जा रही है ताकि पैसों के स्रोत और इस मामले में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।

ये भी पढे़ें- ईडी ने TMC से जुड़े कथित 160 करोड़ रुपये लेन-देन के मामले में 5 जगहों पर की छापेमारी

कर्नाटक: ED ने आबकारी विभाग के 14 ठिकानों पर मारे छापे, करोड़ों रुपए कैश, ज्वैलरी और फॉरेन करेंसी बरामद