मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR की प्रक्रिया के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। इसके अलावा कांग्रेस EVM पर भी हमला बोल रही है। दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस के नेता, विपक्ष के नेता सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर इस प्रदर्शन को लेकर लगातार निशाना साध रही है। अब गोरखपुर से भाजपा के सांसद रवि किशन ने भी राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। EVM के मुद्दे पर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए रवि किशन ने कहा कि EVM राहुल गांधी के पिताजी ही लेकर आए थे।
EVM मशीन आपके पिताजी लाए थे- रवि किशन
गोरखपुर में आयोजित बीजेपी के कार्यक्रम में राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सांसद रवि किशन ने कहा- "ईवीएम मशीन आपके पिताजी (राजीव गांधी) लाए थे। आप लोग जहां-जहां जीतते हैं, वहां मशीन सही होती है। हारने पर फिर ईवीएम पर सवाल क्यों उठाते है? इनके पिता कहते थे कि 1 रुपए भेजता था तो 15 पैसा लोगों के पास पहुंचता था बाकी पैसे गायब हो जाते थे। राहुल गांधी खंभे पर खड़ा होकर कहने लगे कबूतर उड़ाएंगे, पर कबूतर उड़ाएंगे या चील उनको यह भी नहीं पता नहीं।" आपको बता दें कि दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सजा मिलने की बात कहे जाने पर कहा कि कसाई के श्राप से गाए नहीं मरती हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि ये लोग बांग्लादेशी मुसलमानों को वोट बैंक बनाना चाहते हैं लेकिन जब तक एनडीए की सरकार है, ऐसा नहीं होगा।
हमारी सरकार पहले भी बनती थी- रवि किशन
गोरखपुर क्लब में बुधवार को बीजेपी के तरफ 'विकसित भारत संकल्प सभा' और 'सेवा ज्योति यात्रा' के आयोजन के दौरान सांसद रवि किशन ने कांग्रेस और सपा पर तंज कसा। सभा को संबोधित करते हुए सांसद रवि किशन शुक्ला ने पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तारीफ करते हुए गुजरात को मॉडल बताया। वहीं, इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी का आरोप लगाकर इस्तीफा मांगने को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा- "ज्ञानेश कुमार तो 2025 में आए हैं, उससे पहले भी हमारी सरकार बनती थी। विपक्षी पार्टी जब-जब डरती है तब-तब ईवीएम पर सवाल खड़े करती है।"(रिपोर्ट: राज श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें- राहुल गांधी ने कर दिया बड़ा ऐलान, बताया अब किस जगह करेंगे प्रदर्शन, बोले- 'मेरे लिए हर FIR एक मेडल'
मंगलवार को हिरासत, बुधवार को लंच! खरगे के बुलावे पर राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसद सागर रत्ना में जुटे