1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राखी बांधने का बहनें करती रहीं इंतजार, कफन में लिपटे लौटे दो सगे भाई

राखी बांधने का बहनें करती रहीं इंतजार, कफन में लिपटे लौटे दो सगे भाई

जालौन में एक दुखद हादसा सामने आया है जिसमें 60 फीट गहरे कुएं में समरसेबल निकालने उतरे थे दो सगे भाईयों के जहरीली गैस के संपर्क में आने की आशंका है जिससे उनकी मौत हो गई।

Jalaun- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT जालौन

उत्तर प्रदेश के जालौन में एक दुखद घटना सामने आई है, जिसमें रक्षाबंधन के दिन बहन अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने की तैयारियों में जुटी थीं, वहीं एक परिवार पर ऐसा दुख टूट पड़ा जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। उरई मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर कैलिया थाना क्षेत्र के करियावली गांव में खेत पर बने करीब 60 फीट गहरे कुएं में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान करियावली गांव निवासी 65 साल के फूल सिंह कुशवाहा और उनके छोटे भाई 55 साल के रामलखन कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों भाई खेती-बाड़ी और पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। दोनों के परिवार एक ही पुश्तैनी मकान में रहते थे।

बारिश के बाद बढ़ गया था कुएं का जलस्तर

जालौन में इस दुखद घटना को लेकर बताया गया कि गांव के बाहर दोनों भाइयों का खेत है। खेत में सिंचाई के लिए करीब 60 फीट गहरा कुआं बना है, जिसमें पानी निकालने के लिए समरसेबल मोटर लगी हुई थी। हाल में हुई बारिश के कारण कुएं में पानी काफी बढ़ गया था और मोटर भी पानी में डूबने लगी थी। परिजनों के मुताबिक, 28 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे फूल सिंह और रामलखन कुएं से समरसेबल मोटर निकालने के लिए खेत पहुंचे थे। उनके साथ दो पोते भी मौजूद थे, जिसमें बड़े भाई को बचाने के लिए छोटा भाई कुएं में उतरा था और उसके बाद दोनों की गई जान चली गई। बताया जा रहा है कि सबसे पहले फूल सिंह रस्सी के सहारे कुएं में नीचे उतरे। अंदर पहुंचने के बाद अचानक वह बेहोश होकर पानी में गिर गए। परिजनों के अनुसार, कुएं के भीतर जहरीली गैस होने की आशंका है। बड़े भाई को संकट में देखकर रामलखन भी उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतर गए। कुछ ही देर में वह भी बेहोश हो गए और दोनों गहरे पानी में डूब गए।

दोनों भाइयों को कुएं में डूबता देखकर पोतों ने मचाया शोर

दोनों भाइयों को कुएं में डूबता देखकर उनके साथ आए पोतों ने शोर मचाया और उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण लोग मौके पर पहुंचे। कुएं के अंदर दोनों भाइयों के शव दिखाई देने पर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कैलिया थाना प्रभारी अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। कुएं की गहराई और पानी अधिक होने के कारण बचाव अभियान में काफी परेशानी हुई। ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

राखी बांधने गांव पहुंची बहन, लेकिन नहीं मिले भाई

फूल सिंह और रामलखन तीन बहनों के भाई थे। रक्षाबंधन के मौके पर उनकी बहन अन्नू भाइयों को राखी बांधने के लिए गांव आ रही थीं। वह करीब साढ़े 12 बजे गांव पहुंचीं, लेकिन तब तक दोनों भाइयों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा चुके थे। जिस त्योहार पर बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं, उसी दिन अन्नू को अपने दोनों भाइयों की मौत की खबर मिली। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से परिवार सदमे में है और पूरे करियावली गांव में मातम पसरा हुआ है।

(रिपोर्ट - वरुण द्विवेदी)

ये भी पढ़ें

'चवन्नी' वाले तंज पर जयंत चौधरी ने दिया अखिलेश यादव को जवाब, चीनी के बढ़ते दाम पर भी आया बयान

राखी बांधने से पहले ही धंसा आंगन, 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरी युवती, रेस्क्यू जारी