1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'चवन्नी' वाले तंज पर जयंत चौधरी ने दिया अखिलेश यादव को जवाब, चीनी के बढ़ते दाम पर भी आया बयान

'चवन्नी' वाले तंज पर जयंत चौधरी ने दिया अखिलेश यादव को जवाब, चीनी के बढ़ते दाम पर भी आया बयान

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 28, 2026 10:53 am IST,  Updated : Aug 28, 2026 11:04 am IST

जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनावी सीजन में सस्ते आरोप लगाए जाते हैं लेकिन जनता समझदार है। केंद्रीय मंत्री ने चीनी के बढ़ते दामों के सवाल का भी जवाब दिया।

केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी- India TV Hindi
केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी Image Source : REPORTER

बागपत: राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी गुरुवार को बागपत पहुंचे। खेकड़ा के गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में उन्होंने लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयानों पर जमकर पलटवार किया। जयंत चौधरी ने कहा कि चुनावी समय है, आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा सकते हैं, लेकिन जनता सब समझती है।

जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव को दिया जवाब

अखिलेश यादव के चवन्नी वाले तंज पर जयंत चौधरी ने कहा कि अखिलेश उन पर जितने कटाक्ष करना चाहें, उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन अगर समाज को निशाने पर लिया जाएगा तो वह सवाल जरूर पूछेंगे। जयंत ने कहा कि अखिलेश इशारों में उन्हें टारगेट कर रहे थे, इसलिए उन्होंने पहले कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने सवाल किया कि अगर कहा जा रहा है कि समाज को राजनीति नहीं आती, तो आखिर किस समाज की बात की जा रही है? जयंत चौधरी ने कहा, “समाजवादी समाज निर्माण करती है या समाज से बनती है?” उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल समाज से बनता है और किसी भी राजनीतिक दल की इतनी हैसियत नहीं कि वह समाज का निर्माण कर सके।

अखिलेश यादव के पोस्टर लगाए जाने के सवाल पर जयंत ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि पोस्टर किसने लगाए हैं। साथ ही उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि राजनीति में लक्ष्मण रेखा नहीं लांघनी चाहिए।

यहां देखें वीडियो

एनडीए में आरएलडी को ज्यादा सीट देने के अखिलेश यादव के बयान पर जयंत ने व्यंग्य करते हुए कहा कि क्या उनकी पैरवी के लिए उन्हें ही भेज दें? यूजीसी को लेकर जयंत चौधरी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में रोक लगाई है और उसका पालन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान भी चौधरी चरण सिंह के आदर्शों और संस्कारों से आने वाली पीढ़ियों को जोड़ने की बात कही गई है। 

चीनी के बढ़ते दाम पर क्या बोले जयंत चौधरी?

 चीनी के बढ़ते दामों के सवाल पर जयंत चौधरी ने कहा कि गन्ना का नया सीजन शुरू होने वाला है। गन्ने और किसान की कमाई से घर-घर मिठास पहुंची है। इसका लाभ केवल किसान को ही नहीं, बल्कि चीनी मिलों में काम करने वाले श्रमिकों और इंडस्ट्री को भी मिलता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहकर भी अगर किसानों की बात समझ में नहीं आ रही है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। जयंत ने कहा कि किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने की बात की जा सकती थी, लेकिन रसगुल्ला महंगा होने की बात की जा रही है।

यहां देखें वीडियो

बता दें कि चीनी के रेट पिछले कुछ दिनों में तेजी से बढ़े हैं। चीनी के ताजा रेट 70-75 रुपये प्रति किलो है। चीनी के तेजी से बढ़ते दामों को लेकर विपक्ष सरकार से सवाल पूछ रहा है। 

रिपोर्टः पारस जैन, बागपत

ये भी पढ़ेंः उत्तर प्रदेश के पास कितना है चीनी का भंडार? CM योगी ने दे दिया पूरा आंकड़ा, गदगद हो जाएगी जनता

'सावधान… ख़तरें में है आपकी जान!'', गंगा एक्सप्रेसवे पर आई दरारों को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।