1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. खेल मैदान में जीतने वाली खिलाड़ी जिंदगी से हारी? संदिग्ध अवस्था में घर में फंदे पर मिला 9वीं की छात्रा का शव

खेल मैदान में जीतने वाली खिलाड़ी जिंदगी से हारी? संदिग्ध अवस्था में घर में फंदे पर मिला 9वीं की छात्रा का शव

कानपुर के अरमापुर एस्टेट में मंगलवार रात नौवीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई जिसमें उसका शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। छात्रा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Representative photo- India TV Hindi
Image Source : PEXELS सांकेतिक फोटो

उत्तर प्रदेश के कानपुर में अरमापुर एस्टेट में 27 अक्टूबर की रात नौवीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। छात्रा जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में चैंपियन रह चुकी थी। पढ़ाई के साथ खेल में भी रुचि रखने वाली छात्रा की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के समय उसके माता-पिता मंदिर में दर्शन करने के बाद बाजार गए थे। घर पर छोटी बहन और दादी मौजूद थीं।

दरवाजा अंदर से बंद था, आवाज देने पर भी नहीं मिला जवाब

अरमापुर एस्टेट निवासी कृष्ण कुमार दीक्षित रक्षाकर्मी हैं। वह पत्नी बिंदु देवी और बच्चों के साथ रहते हैं। 27 अक्टूबर की रात कृष्ण कुमार अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मंदिर दर्शन करने के बाद बाजार गए थे। घर पर छात्रा उसकी छोटी बहन और दादी थीं। इसी दौरान छोटी बहन अपनी बड़ी बहन के कमरे में पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था जिसमें उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। परेशान होकर उसने दादी को बुलाया। दोनों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद धक्का देकर दरवाजा खोला गया तो 9वीं की छात्रा का शव फंदे पर लटका मिला।

खेल में हासिल कर चुकी थी उपलब्धि, अचानक मौत से परिवार स्तब्ध

छात्रा को लेकर बात की जाए तो वह पढ़ाई के अलावा उसकी खेलकूद में भी दिलचस्पी थी। वह जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में चैंपियन रह चुकी थी। उसकी उपलब्धि को देखते हुए परिवार और परिचितों को उससे उम्मीदें थीं। ऐसे में उसकी अचानक मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है, हालांकि, छात्रा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन भी फिलहाल कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सके हैं। घटना के पीछे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर अरमापुर एस्टेट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अरमापुर थाना प्रभारी राजेंद्रकांत शुक्ला ने बताया कि छात्रा की मौत के मामले में जांच की जा रही है। फिलहाल परिजन मौत की वजह नहीं बता सके हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

 

ये भी पढ़ें

फिल्मी स्टाइल में अपहरण, कार में सुंघाया नशा, फिर होटल में बंधक बनाकर हड़प ली 150 करोड़ की संपत्ति

जालौन मेडिकल कॉलेज में रैगिंग पर बड़ी कार्रवाई, 17 सीनियर छात्र तीन माह के लिए निलंबित