1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में एक्सपायर्ड चॉकलेट-टॉफियां फेंकने वाली फर्म सील, वायरल वीडियो के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिया एक्शन

कानपुर में एक्सपायर्ड चॉकलेट-टॉफियां फेंकने वाली फर्म सील, वायरल वीडियो के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिया एक्शन

सार्वजनिक स्थान पर एक्सपायर्ड टॉफियां फेंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कानपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस्पात नगर स्थित सुधा सेल्स को सील कर दिया।

Kanpur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में सार्वजनिक स्थान पर एक्सपायर्ड टॉफियां फेंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कानपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने मामले की जांच करते हुए पनकी के इस्पात नगर स्थित सुधा सेल्स को सील कर दिया। रैपर और मूल पैकेट की पड़ताल के दौरान संबंधित टॉफियों का जुड़ाव फर्म से सामने आया, जिसके बाद टीम ने प्रतिष्ठान पर पहुंचकर कार्रवाई की।

वायरल वीडियो से शुरू हुई जांच

कानपुर में यह मामला दरअसल उस समय सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें सार्वजनिक स्थान पर एक्सपायर्ड टॉफियां फेंके जाने का मामला सामने आया था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने इसकी जांच शुरू कराई। अधिकारियों ने मौके पर मिले टॉफियों के रैपर और मूल पैकेट को जांच के दायरे में लिया। पैकेट पर दर्ज विवरण और अन्य जानकारी की पड़ताल के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम संबंधित फर्म तक पहुंची। जांच में उत्पाद का संबंध पनकी के इस्पात नगर स्थित सुधा सेल्स से सामने आने के बाद अधिकारियों ने प्रतिष्ठान का रुख किया।

संचालक शहर से बाहर, फर्म सील

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कराई गई। मौके से मिले रैपर और मूल पैकेट की जांच में संबंधित उत्पाद का जुड़ाव सुधा सेल्स से सामने आया है। जांच के दौरान फर्म के संचालक के शहर से बाहर होने की जानकारी मिली। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सुधा सेल्स प्रतिष्ठान को सील कर दिया। विभाग की ओर से संचालक को निर्देश दिया गया है कि शहर लौटने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग से संपर्क कर प्रतिष्ठान का निरीक्षण कराएं।

निरीक्षण के बाद ही शुरू होगा कारोबार

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिष्ठान का निरीक्षण किए जाने के बाद ही आगे कारोबार शुरू करने की अनुमति दी जाएगी और उस समय तक यह फर्म सील रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सील से किसी भी तरह की छेड़छाड़ करने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो के बाद हुई इस कार्रवाई ने एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों के निस्तारण और उनकी बिक्री को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी पर भी सवाल खड़े किए हैं। विभाग अब मामले में आगे की जांच और निरीक्षण के आधार पर कार्रवाई की दिशा तय करेगा।

(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

ट्रैक्टर चोरी के शक में पीट-पीटकर मजदूर की हत्या, वीडियो वायरल होने के बाद 2 आरोपी गिरफ्तार

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस और ट्रक की टक्कर में तीन की मौत, 16 घायल