1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ट्रैक्टर चोरी के शक में पीट-पीटकर मजदूर की हत्या, वीडियो वायरल होने के बाद 2 आरोपी गिरफ्तार

ट्रैक्टर चोरी के शक में पीट-पीटकर मजदूर की हत्या, वीडियो वायरल होने के बाद 2 आरोपी गिरफ्तार

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Aug 27, 2026 09:44 pm IST,  Updated : Aug 27, 2026 09:44 pm IST

वाराणसी से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें चोरी के शक में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

Varanasi labourer murder- India TV Hindi
वाराणसी में मजदूर का मर्डर हो गया है। Image Source : REPORTERS INPUT

यूपी में वाराणसी के चौबेपुर और चोलापुर क्षेत्र में चोरी के शक में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दबंगों ने मजदूर को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा। जब इसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तब पुलिस हरकत में आई और दो लोगों को गिरफ्तार किया।

चोलापुर से मिला था रामजनम का शव

बता दें कि मृतक की पहचान रामजनम बनवासी के रूप में हुई है, वह ईंट भट्ठे पर काम करता था। जून में भट्ठा बंद होने के बाद वह घर पर ही रहने लगा था। इसके बाद, रामजनम चौबेपुर में दूसरे भट्ठे पर काम करने लगा था। फिर बीते 21 अगस्त को रामजनम का शव चोलापुर क्षेत्र में मिला था। उसके बाद, 26 अगस्त को शिनाख्त के बाद परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला गुनाह

वीडियो वायरल होने पर वाराणसी पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए नामजद एफआईआर दर्ज की, पुलिस ने दो आरोपियों अजय सिंह निवासी भिवदसा, चौबेपुर और विशाल सिंह निवासी गरथौली, चौबेपुर को ग्राम हरियाडीह से गिरफ्तार किया। हत्या में इस्तेमाल लाठी भी बरामद की गई है। आरोपियों ने पूछताछ में ट्रैक्टर चोरी के शक में हत्या की बात कबूली है, दो अन्य की तलाश जारी है।

वीडियो में बेरहमी से पिटाई कर

इस मामले पर ADCP वरुणा जोन, वाराणसी लिपि नागायच ने कहा कि चूंकि वीडियो में बड़ी बेरहमी से पिटाई की जा रही थी, इसलिए पुलिस को संदेह हुआ और जैसे ही पुलिस ने अपने मुखबिरों के आधार पर और भी लोगों से पूछताछ की तो सारे डॉट्स को कनेक्ट करते हुए फाइनली पुलिस को पता लगा कि जो मृतक हैं वो रामजनम बनवासी हैं, जिनका शव कुछ दिन पहले चोलापुर क्षेत्र में मिला था। जिन माध्यमों से फिर वीडियो मिला, उस सोर्स से बात की गई तो उनकी तरफ से बताया गया कि किस प्रकार से इस घटना को अंजाम दिया गया।

ट्रैक्टर चोरी के शक में मार डाला

लिपि नागायच के मुताबिक, हत्या का मोटिव ये था कि जिन लोगों ने हत्या की उन लोगों को लगा कि जो रामजनम हैं, वो चोर हैं और ट्रैक्टर चोरी करने के लिए आए हैं। क्योंकि ऐसी अफवाह फैली थी कि एक अन्य ईंट भट्टों से भी ट्रैक्टर लगातार चोरी हो रहे हैं। तो इस संदेह पर यह घटना को अंजाम दिया गया। इससे पहले, शामली में हरियाणवी एक्टर व सिंगर अंकित बालियान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी

(इनपुट- अश्विनी त्रिपाठी)

ये भी पढ़ें- बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर की अपने पिता हत्या, रोक-टोक बनी जान लेने का कारण; पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।