गाजियाबाद: जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी स्थित चमन कॉलोनी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शनिवार देर शाम 14 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान दीपांशु पुत्र कल्याण सिंह के रूप में हुई है। वह अमरपाली स्कूल में कक्षा 10 का छात्र था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शनिवार को स्कूल में आयोजित पीटीएम के दौरान कम नंबरों को लेकर पिता ने उसे डांट दिया था। हालांकि, पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पीटीएम में डांट से था नाराज
पुलिस के अनुसार, दीपांशु अपने परिवार के साथ चमन कॉलोनी में रहता था। परिवार में माता-पिता और एक भाई हैं। बताया गया है कि शनिवार को स्कूल में पीटीएम आयोजित की गई थी। इस दौरान नंबरों को लेकर पिता ने दीपांशु को डांट दिया था। इसके बाद वह नाराज हो गया। शनिवार रात करीब आठ बजे उसने घर में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं दूसरी तरफ ACP इंदिरापुरम सूर्य बलि मौर्य ने बताया कि शुरुआती जानकारी में पिता की डांट के बाद छात्र के नाराज होने की बात सामने आई है। मौके से अभी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रांची में छात्र का हॉस्टल से मिला शव
एक अन्य मामले में रांची के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) के फर्स्ट ईयर के एक स्टूडेंट का शव उसके हॉस्टल के कमरे में छत से लटका हुआ मिला। यह घटना शनिवार रात को तब सामने आई जब हॉस्टल में रहने वाले दूसरे स्टूडेंट्स ने कमरे को अंदर से बंद पाया और इंस्टीट्यूट एडमिनिस्ट्रेशन को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया ज़िले के रहने वाले आदित्य के तौर पर हुई है।
खेलगांव पुलिस स्टेशन के इंचार्ज निर्भय कुमार ने कहा, "मृतक बिहार का रहने वाला फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। उसकी उम्र 19 से 20 साल के बीच थी। शुरुआती जांच से पता चलता है कि स्टूडेंट ने परीक्षा के दबाव में आकर आत्महत्या की; परीक्षाएं 8 अक्टूबर से शुरू हुई थीं। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए RIMS भेजा गया है।" (इनपुट- जुबैर अख्तर)
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
यह भी पढ़ें-