चारपाई पर मिला खून से लथपथ शव
गांव के रहने वाले 65 वर्षीय सीताराम पाल शनिवार रात हमेशा की तरह अपने घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर खेत पर बने ट्यूबवेल पर सोने गए थे। उन्होंने वहां एक छोटा सा फार्म बना रखा था और कुछ मुर्गियां भी पाल रखी थीं। रविवार सुबह जब वह करीब 11 बजे तक घर नहीं लौटे, तो परिवार के लोग और ग्रामीण उन्हें देखने के लिए ट्यूबवेल पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। सीताराम पाल का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा था और उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए थे।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, किसी से नहीं थी दुश्मनी
इस बेरहमी से हुई हत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। दुखी परिजनों का कहना है कि सीताराम पाल की किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं थी। गांव में न तो किसी से कोई जमीन का विवाद था और न ही किसी से कोई लड़ाई-झगड़ा हुआ था। परिजनों का कहना है कि जब हमारी किसी से कोई दुश्मनी ही नहीं है, तो समझ नहीं आ रहा कि हम किस पर शक करें। बता दें कि बुजुर्ग की पत्नी का निधन चार साल पहले हो चुका है। उनके पांच बेटे और दो अविवाहित बेटियां हैं।
पुलिस बोली- केस दर्ज, खुलासे के लिए टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही सीओ दुर्गेशदीप और असोथर थाने की पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बुजुर्ग की हत्या के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने इस अंधी हत्या का जल्द से जल्द पर्दाफाश करने के लिए स्पेशल टीमों का गठन कर दिया है।
फतेहपुर से उमेश चंद्रा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
अखिलेश यादव को ओमप्रकाश राजभर ने दी चुनौती, बोले- 'योगी से डरते हैं तो जहूराबाद में मुझसे लड़ लें'