उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बक्शी तालाब इलाके के प्रसिद्ध चंद्रिका देवी मंदिर को नवरात्र के समय बंद करना पड़ा है। जानकारी के अनुसार, मंदिर के रास्ते में गोमती नदी का पानी आ गया है। मंदिर के रास्ते में पानी का तेज बहाव है। और मंदिर के चारों ओर भी पानी भरा है। इसी वजह से मंदिर से करीब 200 मीटर दूर पुलिस ने बैरियर लगा दिया है और बोर्ड लगाकर जानकारी दी है कि बाढ़ की वजह से मंदिर में दर्शन बंद हैं।
300 साल पुराना है चंद्रिका देवी मंदिर
राजधानी लखनऊ से लगभग 30 किलोमीटर दूर बने करीब 300 साल पुराने चंद्रिका देवी मंदिर की बहुत मान्यता है। नवरात्र के समय श्रद्धालु दूर-दूर से यहां दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर के पुजारियों का कहना है कि करीब 20 साल बाद गोमती नदी का पानी मंदिर के रास्ते में आ गया है। नवरात्र में मंदिर के रास्ते मे बहुत भीड़ है लेकिन श्रद्धालुओं को बिना दर्शन ही यहां से वापस जाना पड़ रहा है। इस कारण से यहां दुकान लगाने वालों का भी बहुत नुकसान हो रहा है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि मंदिर के एक रास्ते मे बाढ़ का पानी कुछ कम हुआ है। आपको बता दें कि 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो गई है। नवरात्रि का समापन 20 अक्टूबर को होगा। नवरात्रि के 9 दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है।
Image Source : Reporterचंद्रिका मंदिर के चारो ओर पानी।
लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में घर डूबे
दूसरी तरफ लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में सोमवार को भी पानी भरा हुआ है। यहां लोगों के घर डूबे हुए हैं। बहुत सारे लोग घर छोड़कर चले गए हैं तो कुछ छतों पर रहने को मजबूर हैं। प्रशासन करीब 90 नाव इस इलाके में चला रहा है। गोमती नदी पीलीभीत से निकलती है। सितम्बर के आखिर में हुई मूसलाधार बारिश से गोमती का पानी बढ़ा। लखनऊ में गोमती का जलस्तर करीब 8 फिट बढ़ गया था और पिछले दिनों लखनऊ के पॉश इलाके में बने प्लासियो मॉल तक पहुंच गया। अब वहां तो पानी नही है लेकिन गोमती रिवर फ्रंट में आज भी पानी है और वो बंद है।
Image Source : Reporterमंदिर के चारों ओर फैला पानी।
2008 के बाद अब 2026 में पानी इतना बढ़ा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि साल 2008 के बाद अब 2026 में लखनऊ में गोमती नदी का पानी इतना बढ़ा है। प्रशासन का कहना है कि राहत की बात ये है कि पिछले 24 घंटे में गोमती नदी का जल स्तर करीब चार सेंटीमीटर तक कम हुआ है।
ये भी पढ़ें- वाराणसी में गरबा पर VHP-बजंग दल की सख्त चेतावनी, तिलक-कलावा के बिना पंडाल में नहीं मिलेगी अनुमति
कानपुर में गरबा और डांडिया के लिए किराए पर मिल रहा पार्टनर, पोस्टर ने उठाए सवाल