1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दूध गर्म करते वक्त इंडक्शन में आया करंट, महिला और उसे बचाने गए पति की दर्दनाक मौत, यूपी के लखीमपुर खीरी की घटना

दूध गर्म करते वक्त इंडक्शन में आया करंट, महिला और उसे बचाने गए पति की दर्दनाक मौत, यूपी के लखीमपुर खीरी की घटना

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में करंट लगने से दंपति की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। पत्नी को करंट से बचाने पहुंचे पति ने भी जान गंवा दी है। आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में।

UP Lakhimpur khiri induction electric shock- India TV Hindi
Image Source : PEXELS सांकेतिक फोटो।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां करंट लगने के कारण एक दंपति की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, महिला को इंडक्शन का इस्तेमाल करते समय करंट लगा। ऐसे में उसका पति उसे बचाने के लिए दौड़ा लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया और फिर दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। 

क्या है पूरा मामला?

लखीमपुर खीरी जिले के थाना भीरा क्षेत्र के ग्राम जनदेवपुर में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे में पति-पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, 53 वर्षीय सर्वजीत कौर अपने घर में इंडक्शन चूल्हे पर दूध गर्म कर रही थीं। इसी दौरान अचानक इंडक्शन में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की चीख सुनकर 56 वर्षीय उनके पति शौकीन सिंह उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। गंभीर करंट लगने से उनकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दंपति की पुत्री दिल्ली में

बताया जा रहा है कि दंपति की पुत्री दिल्ली में रहती है। जब परिजनों द्वारा फोन पर संपर्क नहीं हो सका, तब घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना भीरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार पुत्री को घटना की सूचना दे दी गई है। उसके लखीमपुर खीरी पहुंचने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह इंडक्शन में करंट प्रवाहित होना मानी जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और क्षेत्र के लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस ने बताया- "दिनांक 30.06.2026 को थाना भीरा क्षेत्र के ग्राम जगदेवपुर में करंट लगने से एक दम्पत्ति की मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सर्वजीत कौर (उम्र लगभग 53 वर्ष) अपने घर में इंडक्शन पर दूध गर्म कर रही थीं। इसी दौरान इंडक्शन में करंट प्रवाहित होने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। आवाज सुनकर उनके पति शौकिन सिंह (उम्र लगभग 56 वर्ष) उन्हें बचाने के लिए पहुंचे, जहां उन्हें भी करंट लग गया, जिससे उनकी भी घटनास्थल पर मृत्यु हो गई है। घटना की जानकारी उनकी पुत्री, जो दिल्ली में निवास करती हैं, द्वारा फोन पर संपर्क न होने पर परिजनों को सूचना देने के पश्चात हुई। सूचना प्राप्त होने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। मृतकों की पुत्री को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके आने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः सामान्य है।" (रिपोर्ट: प्रतीक श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- गाजियाबाद में एक बुजुर्ग के साथ मारपीट की घटना, परिवार का आरोप- दबंगों ने घर में पूरे परिवार को बंधक बनाकर हमला किया

मथुरा के बरसाना में कार ने दो महिलाओं को उड़ाया, 10 फीट दूर जाकर गिरीं, सामने आया वीडियो