उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में स्थित हाईराइज सोसाइटी लैंडक्राफ्ट में 12 अगस्त की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब यहां पर रहने वाले एक 22 साल के युवक ने 25वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र स्थित लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में 22 साल के युवक की आत्महत्या करने की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचने के साथ युवक को तत्काल उपचार के लिए संजय नगर स्थित अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने उस युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान अर्पण गोयल के रूप में हुई है जिसकी उम्र 22 साल है वहीं उसके आत्महत्या करने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की
गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र स्थित लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में 12 अगस्त की सुबह इस घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि उसे सुबह करीब 9 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि लैंडक्राफ्ट सोसाइटी के टावर-2ए से एक व्यक्ति ने छलांग लगा दी है। सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जांच के दौरान युवक की पहचान अर्पण गोयल निवासी पंचवटी, थाना कोतवाली, गाजियाबाद के रूप में हुई। इस मामले में पुलिस ने सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जिसमें प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अर्पण 12 अगस्त की सुबह करीब 8:30 बजे टावर की 25वीं मंजिल पर पहुंचा और वहां से छलांग लगा दी।
घटना के पीछे के कारणों का अभी नहीं चला पता
हाईराइज सोसाइटी लैंडक्राफ्ट में 22 साल के अर्पण गोयल के आत्महत्या करने के पीछे के कारणों का अभी पुलिस को पता नहीं चल सका है। इस मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अर्पण गोयल के परिवार वालों से भी पूछताछ की जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने 22 साल के युवक की आत्महत्या की घटना को लेकर बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
(रिपोर्ट - जुबैर अख्तर)
ये भी पढ़ें
गाजियाबाद में नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 माह के मासूम के अपहरण का खुलासा
बहन के हाथ पीले करने की चाह में पड़ोसी का घर किया खाली, 16 लाख के जेवर चुराने वाला शातिर गिरफ्तार