1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. टाटा मोटर्स शोरूम में हुआ बवाल, टीम लीडर ने साथियों के साथ मिलकर सेल्स मैनेजर को पीटा, CCTV वीडियो वायरल

टाटा मोटर्स शोरूम में हुआ बवाल, टीम लीडर ने साथियों के साथ मिलकर सेल्स मैनेजर को पीटा, CCTV वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में टाटा मोटर्स के शोरूम में मारपीट की घटना सामने आई है। यहां एक टीम लीडर ने अपने साथियों के साथ मिलकर सेल्स मैनेजर की कथित तौर पर पिटाई कर दी।

Moradabad Thana- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मुरादाबाद थाना

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में टाटा मोटर्स के शोरूम में एक कर्मचारी की पिटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शोरूम के अंदर ही टीम लीडर और उसके साथियों ने सेल्स मैनेजर पर हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

टाटा मोटर्स शोरूम में हुई मारपीट

यह पूरी घटना मुरादाबाद के दिल्ली रोड पर स्थित 'श्री बालाजी ऑटो व्हील्स टाटा मोटर्स' शोरूम की है। पीड़ित नीरज कुमार इस शोरूम में सेल्स मैनेजर के पद पर काम करते हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 को किसी बात को लेकर नीरज की बहस दूसरी टीम के टीम लीडर दिवाकर नारायण से हो गई थी। बात इतनी बढ़ गई कि दिवाकर ने कथित तौर पर नीरज का कॉलर पकड़ लिया और उनके सिर पर वार कर दिया। इसके अलावा, डिडौली के रहने वाले सेल्स एग्जीक्यूटिव कपिल कुमार ने भी उनके साथ मारपीट की।

बाहर से बुलाए गए लड़के, शोरूम के अंदर पीटा

शोरूम के बाकी स्टाफ ने बीच-बचाव करके मामला उस वक्त शांत करा दिया था। लेकिन जाने से पहले टीम लीडर दिवाकर ने धमकी दी थी कि वह उन्हें अभी सबक सिखाएगा। आरोप है कि इसके बाद दिवाकर ने बाहर से 6 से 7 लड़के बुला लिए। दिवाकर का भांजा लवी, जो लाइन पार इलाके में मोबाइल की दुकान चलाता है, वही इन लड़कों को शोरूम के अंदर लेकर आया था। आरोप है कि इन बाहरी लड़कों ने शोरूम के अंदर घुसकर सेल्स मैनेजर नीरज कुमार की बुरी तरह पिटाई की।

नीरज कुमार ने हथियार से वार करने का लगाया आरोप

पीड़ित नीरज कुमार का कहना है कि इस हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई है, किसी हथियार से भी वार किया गया है और उनकी उंगली में फ्रैक्चर हो गया है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उन्हें भद्दी गालियां दीं, जातिसूचक अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पीड़ित ने थाना मझोला में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और शोरूम के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।

मुरादाबाद से अब्दुल्लाह फारूक की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

उत्तर प्रदेश में बदला खेल और सुरक्षा का माहौल, सीएम योगी ने की नारी शक्ति और खिलाड़ियों की सराहना

रिक्शे पर बैठकर नेपाल में दाखिल हुई श्रद्धा दुबे! साथ में था आदिल, CCTV फुटेज आया सामने