उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक डराने वाली खबर सामने आई है। यहां कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत महबूबनगर गांव में मंगलवार की सुबह जंगली जानवर के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। घर के बरामदे में सो रहे 30 वर्षीय राम सिंह पुत्र मालती प्रसाद को जंगली जानवर उठाकर घर के पास झाड़ियों में ले गया जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों की तलाश के दौरान झाड़ियों में उसका आधा खाया हुआ क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों के अनुसार राम सिंह मंगलवार की भोर करीब तीन बजे घर के बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया और उसे चारपाई से उठाकर करीब घर के पास स्थित झाड़ियों में ले गया। जानकारी होने पर परिवार के लोग और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उसकी तलाश में जुट गए। कुछ देर बाद झाड़ियों में शव मिलने से गांव में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग तथा मोतीपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। वन कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया जहां घर के आंगन में जंगली जानवर के पगमार्ग भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि घटना स्थल जंगल से लगभग 700 मीटर की दूरी पर स्थित है।
ग्रामीणों में फूटा आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग के प्रति फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और वन विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आसपास लंबे समय से बाघ की मौजूदगी बनी हुई है और वन विभाग द्वारा प्रभावी निगरानी व सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई जिससे लगातार भय का माहौल बना हुआ है। आपको बता दें कि हाल ही में जानकारी सामने आई थी कि UP में इंसान और जानवरों के टकराव में अब तक 4000 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।
बाघ ने किया हमला- ग्रामीण
ग्रामीणों ने वन विभाग की ओर से तेंदुए की आशंका जताए जाने पर भी असहमति व्यक्त की और दावा किया कि यह हमला बाघ ने किया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने कतर्नियाघाट के डीएफओ को तत्काल मौके पर बुलाने, बाघ की पहचान कर उसे पकड़ने तथा गांव में पिंजरा, गश्त और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है । वन विभाग की टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। जंगली जानवर की वास्तविक प्रजाति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। (रिपोर्ट: बच्चे भारती)
ये भी पढ़ें- कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में ताबड़तोड़ एक्शन, मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी नौशाद, कई पुलिसकर्मियों पर भी गिरी गाज
फतेहपुर में शराब ठेके पर खूनी खेल, लाइसेंसी रिवाल्वर से सीने में उतारी गोली, आरोपी गिरफ्तार