1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मौसी के बेटे से निकाह करना चाहती थी युवती, भाई ने सोते समय मार दी गोली, संभल में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला

मौसी के बेटे से निकाह करना चाहती थी युवती, भाई ने सोते समय मार दी गोली, संभल में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक भाई ने अपनी ही बहन की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी है। जानकारी के अनुसार, युवती अपने मौसी के बेटे से निकाह करना चाहती थी।

Uttar Pradesh honour killing in sambhal- India TV Hindi
Image Source : REPORTER यूपी के संभल में ऑनर किलिंग का मामला।

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रेम प्रसंग और पसंद की शादी की जिद एक युवती की मौत की वजह बन गई। संभल जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र में एक भाई ने अपनी ही बहन को उस समय गोली मार दी, जब वह घर में सो रही थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया है।

क्यों की गई युवती की हत्या?

पुलिस की ओर से इस घटना को लेकर जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक, 12 जून को परवीन पत्नी शफी मोहम्मद ने सूचना दी थी कि उसकी बेटी मुस्कान की उसके भाई शनी मोहम्मद ने गोली मारकर हत्या कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुस्कान का अपनी मौसी के बेटे के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उससे निकाह करना चाहती थी। लेकिन उसका भाई इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।

संभल में ऑनर किलिंग को लेकर जिले के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि 11 जून को भी भाई-बहन के बीच कहासुनी हुई थी। अगले दिन जब मुस्कान घर में सो रही थी, तभी शनी मोहम्मद ने घर में रखे तमंचे से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगने से मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी हथियार और कारतूस छिपाकर फरार हो गया।

48 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने इसे ऑनर किलिंग का मामला मानते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। (रिपोर्ट: रोहित व्यास)

ये भी पढ़ें- यूपी में महिला का भेष बनाकर चोरी करता था गैंग, पुलिस ने किया गिरफ्तार

लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में STF की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख का इनामी आरोपी गिरफ्तार