1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे इमाम पर हुआ हमला, मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद

मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे इमाम पर हुआ हमला, मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नमाज पढ़कर वापस लौट रहे एक इमाम के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और एहतियातन निगरानी बढ़ा दी है।

muzaffarnagar imam beaten- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA मुजफ्फरनगर में इमाम की पिटाई।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में रविवार दोपहर एक इमाम पर हुए हमले के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सरवट कजियान मोहल्ले की बताई जा रही है। जहां मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय इमाम अब्दुल वहाब पर कुछ युवकों ने रास्ते में रोककर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि जब इमाम ने हमले का विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर पत्थरों और ईंटों से भी हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। 

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे इमाम अब्दुल वहाब पीर वाली मस्जिद में नमाज पढ़ाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही गैर मुस्लिम समाज के आधा दर्जन युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और कथित तौर पर क्रिकेट बैट आदि से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से इमाम गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर

घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल इमाम को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।

इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। (रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

ये भी पढ़ें- यूपी: भूतेश्वर मंदिर के महंत का नॉनवेज खाते हुए VIDEO वायरल, भक्तों ने जमकर की पिटाई

बांके बिहारी मंदिर में सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं से की हाथापाई, खींचकर परिसर से किया बाहर; VIDEO आया सामने