1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: भूतेश्वर मंदिर के महंत का नॉनवेज खाते हुए VIDEO वायरल, भक्तों ने जमकर की पिटाई

यूपी: भूतेश्वर मंदिर के महंत का नॉनवेज खाते हुए VIDEO वायरल, भक्तों ने जमकर की पिटाई

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Mar 09, 2026 10:48 am IST,  Updated : Mar 09, 2026 11:22 am IST

यूपी के कानपुर के भूतेश्वर मंदिर के महंत का नॉनवेज खाते हुए VIDEO वायरल होने के बाद भक्तों में इतना गुस्सा चढ़ गया कि उन्होंने पुजारी की पिटाई कर दी।

Mahant of Bhuteshwar- India TV Hindi
महंत का नॉनवेज खाते हुए फोटो सामने आने के बाद पिटाई Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: यूपी के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के रावतपुर में बने भूतेश्वर मंदिर के महंत का नॉनवेज खाते हुए वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद भक्तों ने महंत की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुश्किल से महंत को भीड़ से बचा पाया।

क्या है पूरा मामला?

बीते दिनों सोशल मीडिया पर नॉनवेज खाते एक वीडियो और फोटो वायरल हो गया था। इसको लेकर इलाके के लोगों में काफी रोष था। लोगों का कहना था कि उन्हें मंदिर परिसर में रहने और महंत बनने का कोई हक नहीं है। इसके बाद देर रात लोगों ने उन्हें मंदिर परिसर में देखा तो भड़क गए और उन पर हमला कर दिया।

महंत को महिलाओं और पुरुषों ने जमकर पीटा और वहां खड़े कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस किसी तरह से उन्हें बचाकर रावतपुर ले आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी आस्था के साथ महंत ने खिलवाड़ किया है।

मंदिर परिसर में बने कमरे में ही रहते हैं महंत

प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित रावतपुर के केशवपुरम में बने भूतेश्वर मंदिर के महंत हैं और मंदिर परिसर में बने कमरे में ही रहते हैं। उनका बीते दो दिन पहले नॉनवेज खाते हुए एक फोटो, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस बात को लेकर इलाके के लोग नाराज थे। देर रात मंदिर परिसर में मौजूद गोलू पंडित को देख पब्लिक भड़क उठी। लोगों ने गोलू पंडित को बेरहमी से पीट दिया। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने 112 नंबर डायल कर कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस किसी तरह भीड़ से निकालकर गोलू को थाने ले आई। पिटाई से उनको कई जगह चोटें आई हैं। गोलू पंडित ने देर रात को रावतपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस गोलू कि तहरीर पर जांचकर कार्रवाई में जुट गई है।

क्या बोले थाना प्रभारी?

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पीड़ित गोलू को भीड़ से मुक्त करा दिया गया। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मारपीट का वीडियो वायरल है। वायरल वीडियो के आधार पर सभी की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (रिपोर्ट: कानपुर से ज्ञानेंद्र शुक्ला)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।