बरेलीः बरेली की एसपी साउथ आईपीएस अंशिका वर्मा और संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई (केके बिश्नोई) शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों आईपीएस अधिकारी अपनी कार्यशैली और कड़क प्रशासनिक छवि के लिए जाने जाते हैं। दोनों के घरवालो की मुलाकात के बाद यह रिश्ता तय हुआ और अब विवाह की तैयारियां चल रही हैं।
28 मार्च को शादी के बंधन में बंध जाएंगे दोनों आईपीएस
बताया जा रहा है कि शादी के कार्यक्रम की शुरुआत 28 मार्च से होगी और शादी से पहले पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संगीत और अन्य रस्में शामिल हैं। बताया जा रहा है 28 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर मे कृष्ण निवास से एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई की बारात रवाना होगी। इसके बाद शादी समारोह की रस्में संपन्न होंगी। 29 मार्च को विदाई का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 30 मार्च को जोधपुर के एक रिसोर्ट में शादी का रिसेप्शन रखा जाएगा, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और राजनीतिक लोग शामिल हो सकते हैं।
कई अधिकारी और नेता हो सकते हैं शामिल
बरेली के कई बड़े अधिकारी इस समारोह में मौजूद रह सकते हैं। इसके साथ ही यूपी और राजस्थान के कुछ प्रमुख राजनीतिक नेताओं के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। साथी ही दोनों ही अधिकारी अपने-अपने जिलों में चर्चित और प्रभावशाली पदों पर तैनात हैं। इसलिए इस शादी को लेकर प्रशासनिक गलियारों में भी खास चर्चा है।
कौंन हैं आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई
आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सख्त पुलिसिंग और बेहतरीन नेतृत्व से पहचान बनाई है। सीएम योगी आदित्यनाथ से उनको उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक मिल चुका है। राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना के रहने वाले कृष्णा कुमार बिश्नोई को उत्तर प्रदेश में शानदार पुलिसिंग के लिए बड़ा सम्मान मिल चुका है। सीएम योगी ने उन्हें पुलिस मंथन-2025 सम्मेलन में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया था।
कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मात्र 24 साल की उम्र में UPSC परीक्षा पास कर आईपीएस बनकर इतिहास रचा। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई का नाम हाल के दिनों में संभल जिले के मस्जिद प्रकरण के दौरान काफी चर्चा में रहा था। कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी सख्त और तेज कार्रवाई की काफी चर्चा हुई थी। कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है और अपनी प्रशासनिक क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। पुलिस विभाग में उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में भी गिना जाता है।
कौंन हैं आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा
वहीं, आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा 2021 बैच की हैं और मौजूदा समय में बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं। वह प्रयागराज की रहने वाली हैं और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद सिविल सेवा की परीक्षा पास की। उनकी तैनाती सितंबर 2024 में बरेली में sp साउथ के रूप में हुई थी। इससे पहले वह गोरखपुर में एएसपी के पद पर तैनात थीं। एसपी अंशिका वर्मा महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम और तकनीकी आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए जानी जाती हैं। उनकी कार्यशैली को लेकर पुलिस विभाग और आम जनता में सकारात्मक छवि है। अंशिका वर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई मंचों पर सराहा भी गया है।
वहीं मार्च 2025 में दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पांचवें वार्षिक महिला शिखर सम्मेलन में उन्हें “वुमेन आइकन अवार्ड” से सम्मानित किया गया था। महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया था।
रिपोर्ट- विकास साहनी, बरेली
संपादक की पसंद