उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। राज्य के कई जिलों में तापमान चिंताजनक स्तर पर चल रहा है और लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इस बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने इन 10 जिलों में गंभीर से बहुत गंभीर स्तर तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में इन जिलों के लोगों को और ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
इन जिलों के लिए रेड अलर्ट
- मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और जौनपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दिन के दौरान भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।
- इसके अलावा मौसम विभाग ने 34 जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। यहां भी लू चलने और गंभीर लू की स्थिति का अनुमान जताया गया है। ये जिले हैं- सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर आदि।
- इसके अलावा देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, कासगंज, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदांयू समेत 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है।
समझें येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट का मतलब
आपको बता दें कि मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी करने का मतलब है कि लोग अपडेट रहें। ऑरेंज अलर्ट के जारी होने के दौरान जनता और अधिकारियों को तैयारी करने की सलाह दे दी जाती है। वहीं, जब रेड अलर्ट जारी होता है तो तुरंत एक्शन लेने की अपील की जाती है। इस दौरान खतरे की संभावना बनी रहती है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आने वाले 48 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दिखने का अनुमान है। वहीं, इस हफ्ते के दौरान राज्य में कहीं और कोई बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- यूपी में बिजली कटौती से परेशान हुए बीजेपी विधायक, ऊर्जा मंत्री से कहा- 'हमें झेलना पड़ रहा जनता का गुस्सा, समस्या दूर करें'
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, टैंकर से टकराई बस, ड्राइवर और कंडक्टर की जलकर मौत, 15 से 20 लोग घायल