1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जब UP में आग का गोला बन गई सड़क पर चलती कार, ड्राइवर ने कूदकर बचाई अपनी जान, देखें खौफनाक Video

जब UP में आग का गोला बन गई सड़क पर चलती कार, ड्राइवर ने कूदकर बचाई अपनी जान, देखें खौफनाक Video

हरदोई में सड़क पर दौड़ती कार अचानक से आग का गोला बन गई। कार के चालक ने समझदारी दिखाकर गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। जानकारी के मुताबिक, कार में आग लगने की वजह भीषण गर्मी और शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

UP Hardoi car fire- India TV Hindi
Image Source : REPORTER कार में लगी भीषण आग।

उत्तर प्रदेश हरदोई जिले से एक डरा देने वाला मामला सामने आया है। बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर स्थित फर्दापुर क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती सीएनजी कार में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही क्षणों में कार आग का गोला बन गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें लोग आग से बचने के लिए भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

सामने आई जानकारी के अनुसार, बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर वैगनआर कार सड़क पर जा रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए कार चालक ने तुरंत कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद सड़क पर चल रहे अन्य वाहन भी जहां के तहां रुक गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

इस घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से दी हई जानकारी के मुताबिक, कार में आग लगने के बाद तेज लपटें उठने लगीं और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। अग्निशमन की गाड़ियों के मौके पर पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

क्या है आग लगने का कारण?

प्रथम दृष्टया कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि वाहन में सीएनजी सिस्टम होने और भीषण गर्मी के चलते आग भड़कने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते चालक और आसपास मौजूद लोगों ने कार से दूरी बना ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। (रिपोर्ट: राम श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- ‘उल्टी गैंग' का पर्दाफाश! ऑटो में सवारी बनकर ऐसे करते थे लूट का कांड

पकड़ी गई हनीट्रैप गैंग की सरगना, नाबालिग का यौन शोषण कर बनाया वीडियो और मांगी 25 लाख की रंगदारी