1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बहन को ईद पर 1500 रुपये दिए तो पत्नी से हुआ विवाद, फिर बंद कमरे में मिली 4 लाशें, जो हुआ वो जानकर कांप जाएंगे

बहन को ईद पर 1500 रुपये दिए तो पत्नी से हुआ विवाद, फिर बंद कमरे में मिली 4 लाशें, जो हुआ वो जानकर कांप जाएंगे

यूपी के मुजफ्फरनगर में बंद कमरे से एक ही परिवार के चार लोगों के शव बरामद हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, बहन को ईद पर 1500 रुपये देने पर पति और पत्नी के बीच विवाद हुआ था।

family found dead in muzaffarnagar up- India TV Hindi
Image Source : REPORTER मुजफ्फरनगर में परिवार मृत मिला।

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां एक ही परिवार के चार लोगों के शव बंद कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर आलाधिकारियों ने फोरेंसिक टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर चप्पे चप्पे की बारीकी से जांच पड़ताल करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। बताया जा रहा है कि बहन को ईद पर 15 सौ रुपये की ईदी देने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था जिसके चलते पति ने देर रात अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को जहरीला पदार्थ देकर पहले मौत की नींद सुलाया और फिर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया। सुबह कमरे का दरवाजा न खुलने पर जब दरवाजा तोड़ कर देखा गया तो पत्नी और दोनों मासूम बच्चों के शव जमीन पर पड़े हुए थे और पति फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।

क्या है पूरा मामला?

दरसअल, मंगलवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट मौहल्ले में स्थित एक घर में पुलिस को एक ही परिवार के चार लोगों द्वारा आत्महत्या की सूचना मिली थी। जिसपर आलाधिकारियों मैं फॉरेंसिक टीम और पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर पहले घटना स्थल की बारीकी से जाँच पड़ताल की और फिर सभी शवो को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जानकारी के मुताबिक, मृतक 30 वर्षीय इरशाद ने ईद पर अपनी एक विवाहित बहन को 15 सौ रुपये की ईदी दी थी जिसके बारे में जब इरशाद की पत्नी 25 वर्षीय नौरिन को पता चला तो घर में विवाद खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि सोमवार को पत्नी नौरिन की मां और बहनों ने आकर खूब झगड़ा भी किया था।

इसके बाद देर रात तक इरशाद ओर नौरिन में झगड़ा होता रहा था। मृतक इरशाद के भाई इनाम ने बताया कि सुबह जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़कर जब देखा गया तो इरशाद फांसी के फंदे पर लटका हुआ था और पत्नी नौरिन के साथ 1 महीने की बेटी अक्सा और 2 साल के बेटे आहिल का शव जमीन पर पड़ा हुआ था।

जांच में क्या पता लगा?

प्रथमदृष्टया ये बताया जा रहा है कि शायद इरशाद ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को जहरीला पदार्थ देकर मौत की नींद सुलाया और फिर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बहरहाल मौत के पीछे की वजह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगी लेकिन पुलिस इस घटना में हर तथ्यों पर बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है।

मृतक के भाई ने क्या बताया?

इस घटना को लेकर मृतक इरशाद के भाई इनाम का कहना है कि "चार मौते हुई है। यहां इरशाद था। जी, उसकी पत्नी और दो बच्चे। इरशाद की उम्र 32 साल की थी। और वह पेंट का काम करता था। विवाद था इन में, इनकी दो साली आई थी, कल आपस में लेनदेन को लेकर झगड़ा करते हुए। यहां आकर खूब हंगामा किया था। दो साली और एक सास थी। इसमें अपनी बहन को 15-1600 रुपए दे दिए होंगे ईद के नाम के, उसका बच्चा बीमार था। वह दिखाने के लिए आई थी। अपने बच्चों को उसमें दे दिए थे। उसकी वजह से घर में हंगामा हो गया था। इरशाद की पत्नी कह रही थी कि तूने बिना पूछे दिए कैसे। तो उसका उस पर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया। इनको समझा बुझाकर बैठा दिया गया। जो लड़की मृतक है। उसने अपनी दो बहनों को और मां को बुलाया, वे यहां मोहल्ले में खूब लड़ कर गईं। खूब गाली गलौज हुई, खूब लड़ाई झगड़ा कर के गईं। फिर मोहल्ले वालों ने समझौता कराकर उनको भिजवा दिया। शांत कर दिया। यह भी अपने घर चले गए। फिर रात में इनमें आपस में लड़ाई हुई। 4:00 बजे तक बोलते रहे हैं। 4:00 बजे के बाद यह शांत हो गए। जब यह सुबह उठे नहीं तो मोहल्ले वालों ने देखा की कुंडा नहीं खोला घर का तो लोगों ने खुलवाया। ऊपर से चढ़कर देखा तो वह लटका हुआ था। तीन नीचे पड़े थे। इरशाद लटका हुआ था। उसने फांसी लगाई रखी है और तीनों बच्चों को जहर दिया हुआ है, घरवाली को और दो बच्चों को।"

पुलिस ने क्या कहा?

इस घटना की अधिक जानकारी देते हुए एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि "देखिए एक मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। सिविल लाइंस थाना के अंतर्गत यह मोहल्ला है। जिसमें कि मैं आया हूं। और पूरी हमारी टीम चाहे फॉरेंसिक टीम हो, डॉग स्क्वायड की टीम हो, आई हुई। एसएचओ सभी सीओ अधिकारी पहुंचे हुए हैं। इसमें जांच की जा रही है। चार लोगों के शव एक कमरे में पड़े हैं जिनमें एक व्यक्ति फांसी लगाए हुए था। चादर से पंखे से लटका हुआ था। दरवाजा बताया जाता है कि अंदर से बंद था। दो बच्चे छोटे-छोटे एक लगभग दो से ढाई साल का बच्चा है। लड़का और एक लड़की है छोटी सी 6-7 महीने की, साथ ही साथ एक पुरुष जिसका इरशाद नाम है और उसकी पत्नी नौरिन चार लोग एक ही परिवार के हैं, मृत पड़े हुए हैं। प्रथम दृष्टि से कोई ब्लड स्टेन या कोई बहुत ज्यादा चोट के निशान नजर नहीं आ रहे हैं। गर्दन में कुछ ऐसा लग रहा है जैसे टूटी हुई है। इसकी फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच की जा रही है। पूछताछ से जो जानकारी मिली है, उसके आधार पर ईदी को लेकर के जो ईद का पैसा दिया जाता है उसको कुछ झगड़ा हुआ। इस बात पर परिवार में तनाव बढ़ा और  बताते हैं कि रात भर तीन से पांच बजे तक झगड़ा होता रहा है। उसके बाद जो भी घटना घटी। फिलहाल डेड बॉडी को कब्जे में ले लिया है।"

एसएसपी ने आगे कहा- "पंचायतनामा पोस्टमार्टम सुनिश्चित की जा रही है। और जो प्रथम दृष्टि से बताया गया है, कुछ लेन-देन को लेकर के ईद का इशू था। इस आधार पर यह घटना कारित हुई है। जो लड़की के घर वाले हैं उनसे भी मेरी बात हुई है। उनका भी कहना है कि ईद को लेकर कुछ झगड़ा हुआ था। कल पहली बार झगड़ा हुआ था और इसके बाद यह घटना घटी है। मैंने देखा दरवाजा अंदर से, जो दरवाजा खोलने के निशान होते हैं, जो चटकानी वगैरा है वह टेढ़ी हुई है। पूरी फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। हर पहलू पर जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे तदानुसार कठोरता करवाई सुनिश्चित की जाएगी।"

एसएसपी ने आगे कहा- "देखिए बच्चों के मुंह से झाग निकले हुए हैं लेकिन अभी यह कहना जल्दबाजी हो जाएगी कि वास्तव में जहर दिया गया है या उसको गला दबाकर मर गया है या कुछ और करके मारा गया है। लेकिन प्रथम दृष्टि से आत्महत्या और जो आत्महत्या की सूचना आई उसमें कुछ चीज जांच की विषय वस्तु है। यह बात सत्य है कि जो इरशाद है, उसका पति था। वह पंखे पर लटका हुआ था। और तीन शव, उसने कुछ किया हो या जहर दिया हो या कुछ और किया हो उस संबंध में पोस्टमार्टम के बाद ही जानकारी प्राप्त हो पाएगी। लेकिन प्रथम दृश्य से यह लग रहा है कि ईदी को लेकर आपस में झगड़ा हुआ था और इरशाद उसकी पत्नी नौरिन तथा दो बच्चे मृत दशा में पाए गए हैं। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई करने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे तदानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।" (रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

ये भी पढ़ें- लड़की से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, गांव में मची हलचल, UP में दिखा फिल्म 'शोले' जैसा मंजर

VIDEO: CM योगी की मां पर विवादित टिप्पणी करने वाले मौलाना ने हाथ जोड़कर मांगी माफी, जानें क्या कहा