A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा में मजदूरों के बवाल के बीच आया CM योगी का बयान, बोले- 'कुछ लोग अशांति फैलाने के लिए षडयंत्र कर रहे'

नोएडा में मजदूरों के बवाल के बीच आया CM योगी का बयान, बोले- 'कुछ लोग अशांति फैलाने के लिए षडयंत्र कर रहे'

यूपी के नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन के बीच CM योगी का बयान सामने आया है। सीएम योगी ने कहा है कि एनडीए की डबल इंजन सरकार पीएम मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा, सुशासन, सेवा का मॉडल खड़ा कर रही है।

cm Noida Labour Protest cm yogi- India TV Hindi
Image Source : REPORTER मुजफ्फरनगर में सीएम योगी।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार को मजदूरों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। जिले के कई जगहों पर मजदूर सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मजदूरों का आरोप है कि उनसे बेहद कम वेतन पर काम करवाया जा रहा है जिस कारण उनका गुजारा मुश्किल हो गया है। सैलरी के अलावा भी मजदूरों ने कई अनियमितताओं की शिकायत की है। नोएडा में मजदूरों का ये प्रदर्शन बीते 4 दिन से जारी थी। हालांकि, सोमवार को ये प्रदर्शन हिंसक हो गया। ऐसे अब इन प्रदर्शनों को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बयान जारी किया। सीएम योगी ने कहा है कि कुछ लोग शांति, समृद्धि की ओर बढ़ने से रोकने के लिए अशांति फैलाने के लिए षडयंत्र कर रहे हैं।

क्या बोले सीएम योगी?

यूपी के मुजफ्फरनगर में एक सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा- "उत्तर प्रदेश में एनडीए की डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनके मार्गदर्शन में सुरक्षा का, सुशासन का, सेवा का, इंडस्ट्रियलाइजेशन का एक मॉडल खड़ी कर रही है। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। नौजवान के लिए नौकरी और रोजगार की गारंटी दे रही है। अन्नदाता किसान के चेहरे पर खुशहाली लाने का काम कर रही है। जब ये सबकुछ हो रहा है तो कुछ लोग उस शांति को समृद्धि की ओर बढ़ने से रोकने के लिए अशांति पैदा करने के लिए षडयंत्र कर रहे हैं।"

CM योगी ने की अपील

सीएम योगी ने आगे कहा- "मैं अपील करूंगा सभी औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कार्मिकों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों से भी। याद करिए कि डबल इंजन की सरकार आपके साथ कैसे खड़ी होती है। कोरोना काल में कोरोना की परवाह किए बगैर हमारी सरकार ने कार्मिकों को सबके लिए गाड़ियां उपलब्ध करवाई, उन्हें क्वारिंटाइन सेंटर में रखने की व्यवस्था करवाई, उनके लिए सभी प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवा कर के उन्हें घर तक पहुंचाने का काम किया।"

हिंसक हुआ मजदूरों का प्रदर्शन

नोएडा फेज 2 में कंपनी के पास के इलाके में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों का विरोध हिंसक हो गया। सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर एक कंपनी के कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और कुछ अन्य गाड़ियों में आग लगा दी गई है। गुस्साए लोगों ने पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। वहीं, पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले फेंके हैं। प्रदर्शन के दौरान गाड़ियों और प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया गया और पत्थरबाज़ी भी हुई। भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें- Noida Labour Protest Live: नोएडा में फैशन कंपनी के अंदर घुसे प्रदर्शनकारी, कई रास्ते जाम, DND फ्लाई ओवर पर भारी ट्रैफिक

गाड़ियां जलीं-पत्थर बरसे, आखिर क्यों सुलग उठा नोएडा, क्या है कर्मचारियों की वो डिमांड जिसने मचाया बवाल?