1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में खाकी से हाथापाई का वीडियो वायरल, पुलिसकर्मियों से जमकर हुई धक्का-मुक्की

कानपुर में खाकी से हाथापाई का वीडियो वायरल, पुलिसकर्मियों से जमकर हुई धक्का-मुक्की

कानपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस से मारपीट की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।

video of alleged violence against police in Kanpur is going viral on social media- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर में कथित तौर पर पुलिस से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के अशोक वाटिका चौराहे का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर दो लोगों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। विवाद शांत कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई किए जाने का दावा किया जा रहा है। वायरल वीडियो में 112 डायल पुलिस की टीम, एक दीवान और महिला पुलिसकर्मी मौके पर नजर आ रहे हैं। इसी दौरान कुछ लोग पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मियों को खींचने और घसीटने जैसी स्थिति भी नजर आ रही है।

पुलिस के पहुंचने के बाद भी नहीं थमा विवाद

बताया जा रहा है कि मौके पर पहले दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामला बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी कथित तौर पर हाथापाई शुरू हो गई। वीडियो में एक महिला भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रही है। हालांकि, महिला की भूमिका और विवाद में उसकी स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

वीडियो की पुष्टि का इंतजार

वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने वाले लोग कौन थे, इसकी भी फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले का संज्ञान पुलिस के आलाधिकारियों ने लिया है।

पुलिस को मामले की जानकारी हो चुकी है, हालांकि अभी तक इसको लेकर उसकी ओर से किसी भी तरह का बयान नहीं दिया गया है। पता चला है कि मामले की जांच हो रही है। जब तक कुछ निष्कर्ष नहीं निकल आता, तब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया जाएगा। ऐसा नहीं है कि कानपुर में ऐसा पहली बार हुआ हो, इससे पहले महाराजपुर थाना क्षेत्र में महिला की मौत के बाद रविवार शाम को हंगामा हो गया। पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले महिला का शव को घर ले जा रहे थे। इसी दौरान ससुराल पक्ष से विवाद के बाद कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस टीम जाम खुलवाने पहुंची तो प्रदर्शन कर रहे लोगों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया गया। इसमें दो इंस्पेक्टर समेत 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए। 

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

कानपुर में घर के बाहर खड़े युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप

कानपुर RTO में अवैध वसूली का खेल बेनकाब, 2 ARTO निलंबित; जांच में 40 हजार से अधिक नकद बरामद