A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया इनामी बदमाश, फायरिंग में हेड कांस्टेबल को भी लगी गोली

हापुड़ में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया इनामी बदमाश, फायरिंग में हेड कांस्टेबल को भी लगी गोली

हापुड़ में बीती रात एक इनामी बदमाश मुठभेड़ में मारा गया। बदमाश ने एक कारोबारी के घर परिवार को बंधक बनाकर डकैती की थी। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

 इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर - India TV Hindi
Image Source : REPORTER इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में हापुड़ पुलिस ने मुठभेड़ में एक 50 हजार के  इनामी बदमाश को देर कर दिया है। हाल ही में हुई एक व्यापारी के यहां डकैती की घटना में आरोपी बदमाश वांछित चल रहा था जिससे देर रात पुलिस का आमना सामना हो गया ओर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए एक पुलिस कर्मी को घायल कर दिया जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में हापुड़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद इस बदमाश को ढेर कर दिया है । 

आधी रात को हुई बदमाश से मुठभेड़

जानकारी के अनुसार, रात्रि करीब 12:30 बजे थाना हापुड़ नगर की पुलिस टीम बुलंदशहर रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसने मोटरसाइकिल घुमाकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत उसका पीछा किया और वायरलेस पर मैसेज फ्लैश किया। संदेश मिलते ही थाना हापुड़ देहात की पुलिस टीम भी सक्रिय हो गई और बदमाश को गांव गोंदी की तरफ से घेर लिया। खुद को दोनों ओर से पुलिस से घिरा देख बदमाश ने गोदी के जंगलों में एक ट्यूबवेल की आड़ लेकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने भी अपनी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए सीएचसी नगर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गोली लगने से पुलिसकर्मी घायल

मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हेड कांस्टेबल मनोज कुमार का भी फिलहाल सीएचसी नगर में उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। 

कारोबारी के घर की थी डकैती

मृतक बदमाश की पहचान श्याम, पुत्र वीरेंद्र, निवासी सूरजपुर, थाना पटवाई, जनपद रामपुर , के रूप में हुई है। हापुड़ SP ने बताया कि यह बदमाश बीते 1 जून 2026 को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला गिरधारीनगर में एक व्यापारी के परिवार और चौकीदार को बंधक बनाकर बेरहमी से की गई डकैती व लूटपाट की घटना में वांछित था। इस संबंध में थाना हापुड़ देहात पर BNS की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत था और उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। इसके अतिरिक्त, मृतक अपराधी के खिलाफ जनपद मुरादाबाद में भी डकैती और गैंगस्टर एक्ट जैसे संगीन मामलों के कई अभियोग पहले से दर्ज थे। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- निशांक शर्मा

ये भी पढ़ेंः VIDEO: चलते डंपर से हाईवे पर गिरी बजरी और पत्थर, यूपी पुलिस ने खुद फावड़े से साफ किया रास्ता

भट्टी से जलती लकड़ी निकाल दबंगों ने युवक पर किया हमला, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात​