A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पति को घर में बंद करके लगा दी आग, ताला लगाकर फरार हो गई पत्नी; पति की मौत

पति को घर में बंद करके लगा दी आग, ताला लगाकर फरार हो गई पत्नी; पति की मौत

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में एक महिला ने पति को घर के अंदर बंद करके आग लगा दी। पीड़ित पति की आग में जलने से मौत हो गई। वहीं महिला मौके से फरार हो गई।

पति को घर में बंद करके लगाई आग। - India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE/PTI पति को घर में बंद करके लगाई आग।

महराजगंज: यूपी के महराजगंज जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आय है। यहां मंगलवार को एक महिला ने अपने पति को घर के अंदर बंद करके घर में आग लगा दी। आग लगाने के बाद महिला ने घर में बाहर से ताला लगा दिया और खुद मौके से फरार हो गई। जानकारी के मुताबिक आग में जलने की वजह से पति की मौत हो गई है। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार पत्नी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। 

घर के अंदर सो रहा था पति

पुलिस के मुताबिक यह घटना महराजगंज के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बासपार कोठी टोला पिपरा गांव की है। घटना के समय महिला का पति घर के अंदर सो रहा था। पुलिस ने बताया कि रामपत अपने घर में सो रहा था, तभी उसकी पत्नी सुमित्रा ने घर में आग लगा दी और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गई। आग की चपेट में आने से रामपत की जलकर मौत हो गई। बाद में रामपत का जला हुआ शव घर के भीतर से बरामद किया गया। घर से धुआं उठता देख ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोला तो अंदर रामपत का जला हुआ शव मिला। 

आग लगाकर फरार हुई पत्नी

ग्रामीणों के मुताबिक रामपत (65) और सुमित्रा (60) के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला पहले भी अपने पति को जान से मारने की कोशिश कर चुकी है। श्यामदेउरवा पुलिस थाने के प्रभारी अभिषेक सिंह ने कहा कि आरोपी सुमित्रा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी महिला को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ें-

कार सवार ने पुलिसकर्मी की बाइक को मारी टक्कर, 5 KM तक कार से बाइक को घसीटा, CCTV फुटेज आया सामने