मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां चंदेरी रोड स्थित सफीपुर पट्टी इलाके में एक महिला ने अपने 67 वर्षीय ससुर का गुप्तांग धारदार ब्लेड से काट दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पुलिस ने उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है।
पति ने पत्नी की बात पर नहीं किया भरोसा
पुलिस के अनुसार, महिला का आरोप है कि उसका ससुर लंबे समय से उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। महिला ने आरोप लगाए कि उसके ससुर ने कई बार जबरदस्ती उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। महिला का कहना है कि उसने इस संबंध में अपने पति को कई बार बताया, लेकिन पति ने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया। इससे परेशान होकर उसने पहले से एक ब्लेड खरीदकर अपने पास रख लिया और मौका मिलने पर वारदात को अंजाम दे दिया। बता दें कि महिला का पति हरियाणा में रहकर रिक्शा चलाता है। घटना के समय भी वह घर पर मौजूद नहीं था।
सात साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, 7 साल पहले महिला की शादी बुढ़ाना में हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं। परिवार में सास का पहले ही निधन हो चुका है। सास के निधन के बाद घर में महिला, उसका ससुर तथा बच्चे रहते थे, जबकि पति बाहर रहता था। जानकारी के मुताबिक घायल बुजुर्ग मुजफ्फरनगर में टेंपो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। घटना के बाद बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल बुढ़ाना के क्षेत्राधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान, चिकित्सीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई करेगी। फिलहाल घायल का उपचार जारी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। (इनपुट- योगेश त्यागी)
यह भी पढ़ें-
रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों का मिला शव, आत्महत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस