1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फतेहपुर में पत्नी ने पेट्रोल डालकर पति को जिंदा जलाया, बीड़ी से जलने का बनाया बहाना, एक गलती से पकड़ी गई चाल

फतेहपुर में पत्नी ने पेट्रोल डालकर पति को जिंदा जलाया, बीड़ी से जलने का बनाया बहाना, एक गलती से पकड़ी गई चाल

फतेहपुर में एक महिला ने अपनी पति को आग लगाकर मार डाला। महिला ने बहाना बनाया कि बीड़ी की आग से जलकर उसकी मौत हुई है। हालांकि बाद में कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।

पुलिस ने आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस ने आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार।

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने पति के नशे से तंग आकर पति को पेट्रोल डालकर आग के हवाले दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पत्नी ने उसे नशे की हालत में बीड़ी जलाने से लगी आग का हवाला दे दिया। घटना के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई और तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। पुलिस ने पूरे मामले की जांच की तो मामला खुलकर सामने आया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश करते हुए जेल भेज दिया।

पत्नी ने बनाया बहाना

मालवा थाना क्षेत्र के असवार तारापुर गांव में 27 जून को अवधेश कुमार उर्फ पवन की संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से जलकर मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे के लेकर पोस्टमार्टम कर जांच शुरू किया। मृतक की पत्नी प्रीति उर्फ विनीता ने बताया कि दोपहर में पति शराब के नशे में घर आये और खटिया में लेट गए और बीड़ी जलाकर पीने लगे। मुझे बैंक से कुछ पैसे निकालने थे, इसलिए मैं पासबुक लेकर बैंक चली गई। वापस आई तो देखा कि घर से धुआं निकल रहा है। पड़ोसियों को आवाज लगाई तो सभी आकर दरवाजा खोले तो देखा कि खटिया और घर में आग लगी है। हम सब ने आग बुझाई और झुलसे अवधेश को लेकर अस्पताल निकले, लेकिन रास्ते में ही अवधेश ने दम तोड़ दिया।

भाई ने पुलिस से की शिकायत

मृतक के भाई राजकुमार ने प्रीति उर्फ विनीता के खिलाफ हत्या की आशंका की तहरीर दी। इसके बाद पुलिस मामले की दोबारा छानबीन करने में जुट गई और मृतक अवधेश की पत्नी विनीता को थाने लेकर पहुंची। यहां कड़ाई से पूछताछ की गई तो मामला खुलकर सामने आया। प्रीति ने कबूल किया कि उसने अपने पति को आग के हवाले कर घर के बाहर निकल गई थी। बाद में घर के पास आकर चीखकर पड़ोसियों को इकट्ठा किया, ताकि उस पर कोई सक न कर सके। 

नशे का आदी था मृतक

थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि महिला ने बताया कि उसका पति नशे का आदी था और खुद कोई काम नहीं करता था। सुबह से शराब पीकर पूरे गांव में घूमता रहता था और आये दिन मुझसे मारपीट करता था। घर के सभी बर्तन बेचकर शराब पी जाता था, यहां तक कि जो दूसरे लोगों के खेतों में मजदूरी करती थी उसके पैसे भी छीनकर शराब पी जाता था। ग्रामीणों ने बताया कि अवधेश की शादी के लगभग 12 वर्ष हो गए थे और उसकी कोई संतान नहीं थी। वह शराब पीने का लती था। आये दिन अपनी पत्नी को पीटता था। कभी घर के बर्तन तो कभी अनाज बेचकर शराब पी जाता था। 

बैंक बंद होने की वजह से गहराया शक

वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 27 जून को महीने का अंतिम शनिवार था और बैंक बंद थे, लेकिन महिला ने बैंक से पैसे निकालने की बात कही तो पुलिस टीम को मृतक की पत्नी पर शक गहरा गया। कड़ी पूछताछ की तो बताया कि पति की प्रताड़ना से तंग आकर उसने नशे में खटिया में लेटे पति अवधेश को मारने के लिए कथरी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी और घर से बाहर निकल गई। नशे के चलते पति खटिया से उठकर भाग नहीं पाया और उसी में झुलस गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार जेल भेज दिया है। (इनपुट- उमेश चंद्रा)

यह भी पढ़ें-

गाजियाबाद में शख्स ने अपने ही घर में लगाई आग, लेना चाहता था इंश्योरेंस क्लेम! VIDEO आया सामने