A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महिला ने दो बच्चों संग जहर खाकर दी जान, शराब पीकर पिटाई करता था पति

महिला ने दो बच्चों संग जहर खाकर दी जान, शराब पीकर पिटाई करता था पति

यूपी के फतेहपुर में एक महिला ने दो बच्चों संग जहर खाकर जान दे दी। आरोप है कि पति की पिटाई से आहत होकर महिला ने ऐसा कदम उठाया।

महिला ने दो बच्चों संग जहर खाकर दी जान।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT महिला ने दो बच्चों संग जहर खाकर दी जान।

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां शराबी पति की रोज-रोज की पिटाई और गरीबी से तंग आकर महिला ने अपने 2 मासूम बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। इस दर्दनाक घटना में दो मासूम बच्चों सहित मां की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार धौरहरा निवासी रज्जन का बीते दिन अपनी पत्नी राजकाली (30) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में पति ने पत्नी के साथ पिटाई भी की। इससे बाद राजकली ने गुस्से में अपने दोनों मासूम बेटों सौरभ (1) और छोटू उर्फ राज (4) के साथ जहरीला पदार्थ निगल लिया।

महिला ने बेटों के साथ खाया जहर

जानकारी के मुताबिक उसके 8 वर्षीय बेटे ने जहर खाने से इनकार कर दिया और मौके से फरार हो गया। उसी की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी और मां-बेटों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां छोटू उर्फ राज की मौत हो गई। वहीं मां और एक अन्य बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद CHC से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद वहां से दोनों को कानपुर के हैलट अस्पताल भेज दिया गया। हैलट में इलाज के दौरान पहले महिला की मौत हो गई और बाद में एक वर्षीय मासूम ने भी दम तोड़ दिया। 

शराब पीकर मारपीट करता था पति

ग्रामीणों का कहना है कि शराबी पति की रोज-रोज की पिटाई और गरीबी ने एक परिवार को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया। हैलट हॉस्पिटल कानपुर से दोनों मां-बेटों का शव गांव पहुंचा तो हड़कंप मच गया। मायके मंसूरपुर से पहुंचे पिता सहित परिवार ने बेटी और बच्चों के अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने शव रखकर आरोपी शराबी पति रज्जन, सास रामदुलारी, जेठ कमल और जेठानी गीता पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। करीब दो घंटे हंगामे के बाद CO ब्रज मोहन और उपजिलाधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति रज्जन को गिरफ्तार कर लिया। वहीं परिजनों को समझा बुझाकर अंतिम संस्कार के लिए राजी किया गया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

मृतका के पिता ने बताया कि 12 मई को शराबी रज्जन ने उनकी बेटी को बहुत मारा। बेटी के ससुराल वाले उसे बचाने नहीं आए, जिससे बेटी ने यह गलत कदम उठा लिया। वहीं CO ब्रज मोहन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- उमेश चंद्रा)

यह भी पढ़ें-

ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या, प्लेटफॉर्म पर उतार कर बेरहमी से पीटा