A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यमुना एक्सप्रेसवे पर धू-धू कर जली जैगवार कार, मथुरा-वृंदावन जा रहे 4 लोगों की बाल-बाल बची जान; देखें VIDEO

यमुना एक्सप्रेसवे पर धू-धू कर जली जैगवार कार, मथुरा-वृंदावन जा रहे 4 लोगों की बाल-बाल बची जान; देखें VIDEO

लग्जरी जैगवार कार में अचानक आग लग गई। कार में गुरुग्राम के रहने वाले चार लोग सवार थे, जो यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते मथुरा-वृंदावन जा रहे थे।

जली लग्जरी जैगवार कार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT जली लग्जरी जैगवार कार

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां रफ्तार भर रही एक लग्जरी जैगवार कार में अचानक भीषण आग लग गई। ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट से महज 5-6 किलोमीटर आगे पहुंचते ही कार धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार चारों यात्रियों ने समय रहते नीचे कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

मथुरा जा रहे थे कार सवार

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे ईकोटेक वन थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। कार में गुरुग्राम के रहने वाले चार लोग सवार थे, जो यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते मथुरा-वृंदावन जा रहे थे। अभी उनकी यात्रा शुरू ही हुई थी कि जीरो पॉइंट पार करते ही अचानक यह हादसा हो गया।

बोनट से निकलने लगा धुआं

यमुना एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ते समय अचानक गाड़ी के अगले हिस्से यानी बोनट से तेज धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और गाड़ी को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। कार रुकते ही उसमें सवार चारों लोग तुरंत नीचे उतरे। उनके उतरते ही कुछ ही देर के भीतर आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि पल भर में ही इतनी महंगी जगुआर कार जलकर खाक हो गई।

लोहे की कंकाल बन गई महंगी कार

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ईकोटेक वन थाना पुलिस और दमकल विभाग की एक गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़े मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर लोहे का कंकाल बन चुकी थी। इस हादसे के दौरान एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की रफ्तार थम गई और अफरा-तफरी का माहौल रहा। एक्सप्रेसवे जैसे मार्ग पर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मौके पर आग बुझाने के तत्काल कोई इंतजाम नहीं दिखे, जिसके कारण आग ने इतना विकराल रूप ले लिया।

(रिपोर्ट- राहुल ठाकुर)

ये भी पढ़ें-

निर्माण के दौरान ही दरक गया 16 करोड़ रुपये का पुल, VIDEO में देखें लापरवाही का मंजर

भांजी का पड़ोस के लड़के से चल रहा था प्रेम प्रसंग, आहत मामा ने प्रेमी की गला घोंटकर की हत्या; डैम में फेंकी लाश