1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. भांजी का पड़ोस के लड़के से चल रहा था प्रेम प्रसंग, आहत मामा ने प्रेमी की गला घोंटकर की हत्या; डैम में फेंकी लाश

भांजी का पड़ोस के लड़के से चल रहा था प्रेम प्रसंग, आहत मामा ने प्रेमी की गला घोंटकर की हत्या; डैम में फेंकी लाश

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 04, 2026 06:45 pm IST,  Updated : Jun 04, 2026 06:54 pm IST

अनूपपुर से हत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भांजी के प्रेम प्रसंग से नाराज मामा ने उसके प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों के बीच 3-4 सालों से प्रेम प्रंसग चल रहा था।

हत्या मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
हत्या मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक का अपनी ही पड़ोस की लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के मामा को ये इतना नागवार गुजरा कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लड़के की बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने शव को रेत से भरी बोरी के साथ बांधकर डैम में फेंक दिया। इस हत्या मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब भालूमाड़ा पुलिस को ओसीएम के पोखरी डैम में एक शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। शव बेहद क्षत-विक्षत हालत में था और उसकी कमर में रस्सी से रेत भरी एक बोरी बंधी हुई थी, ताकि लाश पानी के ऊपर न आ सके। पुलिस ने तुरंत शव को पानी से बाहर निकलवाया।

3-4 वर्षों से चल रहा था प्रेम प्रसंग

मृतक की पहचान शनि सहीस के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के पिता रंजू सहीस (निवासी ग्राम छोहरी) की रिपोर्ट पर भालूमाड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 238 (साक्ष्य छुपाना) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

भालूमाड़ा थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में जब पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो हत्या की बेहद खौफनाक कहानी सामने आई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी की सगी भांजी और पड़ोस में रहने वाले मृतक शनि सहीस के बीच पिछले 3-4 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब इस बात की भनक लड़की के मामा और परिवार वालों को लगी, तो उन्होंने शनि सहीस को कई बार समझाया और लड़की से दूर रहने की हिदायत दी। लेकिन शनि नहीं माना।

बाइक पर ले गए, घोंट दिया गला

शनि के नहीं मानने पर लड़की के मामा ने उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक योजना बनाई। इस साजिश में उसने अपने एक साथी, एक चचेरे भाई और एक पड़ोसी को शामिल किया। चारों आरोपी रात करीब 08:30 बजे शनि सहीस को बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ग्राम छोहरी की बड़ी पुलिया के पास ले गए। वहां सूनसान जगह देखकर आरोपियों ने रस्सी से शनि का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से वे लाश को दोबारा बाइक पर लादकर ओसीएम के पोखरी डैम ले गए। वहां लाश जल्दी ऊपर न आए, इसलिए कमर में रेत से भरी बोरी बांधी और उसे पानी में फेंक दिया।

थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल व दस्तावेज और हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी को जब्त कर लिया है। वारदात को अंजाम देने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

(रिपोर्ट- विशाल खंडेलवाल)

ये भी पढ़ें-

कैप्टन अमरिंदर की कांग्रेस में होगी वापसी? भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिया बड़ा बयान, बोले- "संपर्क में हैं"

मुर्शिदाबाद के 9 में से 8 विधायक ऋतब्रत बनर्जी के साथ, अकेले बाबर अली ने नहीं छोड़ा दीदी का साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।