1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में होगी वापसी? भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिया बड़ा बयान, बोले- "संपर्क में हैं"

कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में होगी वापसी? भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिया बड़ा बयान, बोले- "संपर्क में हैं"

 Reported By: Puneet Pareenja, Edited By: Malaika Imam
 Published : Jun 04, 2026 03:53 pm IST,  Updated : Jun 04, 2026 04:16 pm IST

पंजाब के सियासी गलियारे में इन दिनों ये चर्चा तेज हो गई है कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं। पिछले दिनों उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ की थी।

Captain Amarinder Singh- India TV Hindi
कैप्टन अमरिंदर सिंह Image Source : PTI

पंजाब के सियासी गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी हो सकती है। दरअसल, इन चर्चाओं को हवा किसी और ने नहीं, बल्कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के एक बयान ने दी है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और पार्टी में उनका एक बड़ा कद रहा है। संपर्क में हैं, बात की जा सकती है।" भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इस बयान के बाद से ही पंजाब से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है।

राहुल गांधी की तारीफ की

पिछले दिनों कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की  तारीफ की थी। उन्होंने बताया था कि उनके भाई के निधन पर राहुल गांधी ने उन्हें व्यक्तिगत तौर पर फोन किया था।

बीजेपी के कार्यक्रम से बनाई दूरी

वहीं, हाल ही में बीजेपी ने केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि भाजपा ने इस बारे में उनसे कोई राय नहीं ली थी। बुधवार को भाजपा के कार्यालय में जब केवल सिंह ढिल्लों ने चार्ज संभाला था, तो तमाम बीजेपी के वरिष्ठ नेता वहां पहुंचे थे, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नदारत नजर आए।

पंजाब के सीएम पद से इस्तीफा, फिर कांग्रेस छोड़ी

आपको बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सितंबर 2021 में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और नवंबर 2021 में कांग्रेस छोड़ दी थी, क्योंकि वे नवजोत सिंह सिद्धू के साथ चल रहे विवाद और कांग्रेस आलाकमान द्वारा खुद को दरकिनार किए जाने से बेहद नाराज थे। 

कांग्रेस छोड़ने के बाद उन्होंने 'पंजाब लोक कांग्रेस' नाम से अपनी नई पार्टी बनाई और 2022 का पंजाब चुनाव बीजेपी के साथ गठबंधन करके लड़ा। इस चुनाव में हार के बाद, उन्होंने 19 सितंबर 2022 को अपनी पार्टी का पूरी तरह से भाजपा में विलय कर दिया और खुद भी आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गए।

ये भी पढ़ें-

कर्नाटक से राज्यसभा जा सकते हैं मल्लिकार्जुन खरगे-पवन खेड़ा, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश से ये नाम रेस में सबसे आगे

क्या है 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' स्कीम? जिसे वापस ले रही दिल्ली सरकार, 8 दिन पहले ही जारी हुआ था नया ड्राफ्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।