1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अयोध्या की सीट पर योगी और अखिलेश में मुकाबला? सीएम के 'ऑफर' पर सपा सुप्रीमो ने दिया जवाब

अयोध्या की सीट पर योगी और अखिलेश में मुकाबला? सीएम के 'ऑफर' पर सपा सुप्रीमो ने दिया जवाब

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने का 'ऑफर' देते हुए खुद भी मैदान में उतरने की बात कही। अखिलेश ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी को हराने के लिए उनका एक युवा ‘PDA प्रहरी’ ही काफी है।

Yogi Adityanath, Akhilesh Yadav, Ayodhya Election Challenge- India TV Hindi
Image Source : PTI उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव।

Highlights

  • योगी ने अखिलेश को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी, कहा- दोनों आमने-सामने किस्मत आजमा लें।
  • अखिलेश बोले, चढ़ावा-चंदा-दान चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा PDA प्रहरी ही काफी है।
  • बलरामपुर में योगी ने लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बलरामपुर में योगी ने अखिलेश को अयोध्या से चुनाव लड़ने का 'ऑफर' देते हुए कहा कि वह भी वहां से नामांकन करें और वह खुद भी चुनाव लड़ेंगे। योगी के इस चैलेंज पर अखिलेश ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चढ़ावा, चंदा और दान के चोरों को हराने के लिए उनका एक युवा ‘PDA प्रहरी’ ही काफी है।

'अयोध्या से चुनाव लड़िए, आमने-सामने मुकाबला हो जाए'

बलरामपुर में 803 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 78 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के बयान का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश उनसे कहते हैं कि मुख्यमंत्री अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। योगी ने कहा,

'अखिलेश जी, अयोध्या हमारा पावन धाम है। मैं वहां राजनीति करने नहीं, बल्कि विकास सुनिश्चित करने जाता हूं, ताकि उत्तर प्रदेश की पहचान पर कोई कलंक न लगे।'

योगी ने अखिलेश को अयोध्या से चुनाव लड़ने का 'ऑफर' देते हुए कहा कि वह भी वहां से नामांकन करें और वह खुद भी ऐसा करेंगे। योगी ने कहा कि एक बार किस्मत आजमा ली जाए और फैसला हो जाए कि जनता किसके साथ है।

'पहले अयोध्या में गंदगी थी और बिजली की कमी थी'

मुख्यमंत्री योगी ने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले अयोध्या में तीन-चार घंटे ही बिजली मिलती थी और वहां गंदगी का अंबार लगा रहता था। उन्होंने दावा किया कि आज अयोध्या विकास के जरिए रामराज्य का उदाहरण पेश कर रही है और त्रेतायुग की याद दिलाती है। योगी ने कहा कि राजनीतिक लड़ाई सामने से होनी चाहिए, अपने समर्थकों के जरिए नहीं। उन्होंने सपा पर माफिया के सामने झुकने और उनकी कब्र पर फातिहा पढ़ने का आरोप भी लगाया। योगी ने कहा कि ऐसे लोगों में सीधे मुकाबले की हिम्मत नहीं है और जनता पहले भी उन्हें सत्ता से बाहर कर चुकी है।

अखिलेश का पलटवार, कहा- 'PDA प्रहरी ही काफी है'

योगी की चुनौती पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जवाब दिया। उन्होंने लिखा,

'पवन का झोंका आएगा, अंहकार सब उड़ जाएगा। अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफी है। चोरों को क्लीन चिट देनेवाले दरअसल हिस्सेदार होते हैं। दूध का दूध, पानी का पानी तो हुआ नहीं, इस बार जनता घमंड का सारा पानी उतार देगी। लोकसभा भूल गये क्या? और बाकी कसर अयोध्या की वो माताएं पूरा कर देंगी जिन्होंने सरेआम दुखी मां का अपमान करते हुए दुर्व्यवहारी दंभियों को देखा है।'

'अयोध्या में आपकी तरफ से कोई चुनाव नहीं लड़ना चाहता'

सपा प्रमुख ने अपने बयान में दावा किया कि बीजेपी के आंतरिक सर्वे में यह बात सामने आई है या नहीं कि अयोध्या में उनकी तरफ से कोई चुनाव लड़ना नहीं चाहता। उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे कहा,

'अपने इंटर्नल सर्वे में आपको ये बात पता चली कि नहीं कि अयोध्या में आपकी तरफ़ से कोई चुनाव नहीं लड़ना चाहता है। पावन स्थलों पर वनस्पतिजीवियों का कोई काम नहीं।'

योगी ने कहा, 'एक वोट ने बदली बलरामपुर की तस्वीर'

बलरामपुर में विकास परियोजनाओं के कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता का एक वोट पहले पहचान का संकट पैदा करता था और इस क्षेत्र को तस्करी के लिए जाना जाता था। अब वही वोट क्षेत्र की तरक्की और बदलाव का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि एक वोट विकास का आधार बन सकता है और किसी आकांक्षी जिले को संभावनाओं वाले जिले में बदल सकता है। योगी के मुताबिक, क्षेत्र में बदलाव के साथ विकास की नई राह खुली है।

पिछली सरकारों पर कब्जे को लेकर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले बलरामपुर की सड़कें प्रदेश में सबसे खराब सड़कों में शामिल थीं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान अराजकता का माहौल था और जिस जमीन पर माफिया पैर रख देता था, उस पर कब्जा हो जाता था। योगी ने समाजवादी पार्टी के लोगों पर व्यापारियों को फोन करके धमकाने और उनकी संपत्तियों पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस दौर में क्षेत्र के विकास की बात करना भी मुश्किल था। इसके उलट, उनके मुताबिक, अब क्षेत्र में विकास और बदलाव पर जोर दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: 'मुख्यमंत्री आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं', अखिलेश ने CM योगी को दिया चैलेंज