1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: जापान की हाई स्पीड ट्रेन में बैठे CM योगी, 501 किमी प्रति घंटा तक पहुंची थी रफ्तार

VIDEO: जापान की हाई स्पीड ट्रेन में बैठे CM योगी, 501 किमी प्रति घंटा तक पहुंची थी रफ्तार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान के यमनाशी में 501 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली SC Maglev ट्रेन की टेस्ट राइड ली। सुपरकंडक्टिंग मैग्नेट तकनीक पर आधारित यह ट्रेन 600 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।

Yogi Adityanath, Yogi Adityanath Maglev train Japan, Yogi Adityanath Japan visit- India TV Hindi
Image Source : X.COM/MYOGIADITYANATH जापान की हाई-स्पीड ट्रेन पर सवार सीएम योगी आदित्यनाथ।

तोक्यो/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान में दुनिया की सबसे तेज एससी मैग्लेव ट्रेन पर एक रोमांचक टेस्ट ड्राइव लिया है। बता दें कि यह ट्रेन मैग्नेटिक लेविटेशन तकनीक से चलती है, जो ट्रेन को ट्रैक से ऊपर उठाकर पटरी से बगैर किसी संपर्क के बहुत तेज गति से चलने देती है। यमनाशी में इस डेमो रन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेन की बेहद तेज लेकिन आरामदायक यात्रा का अनुभव लिया। एक समय तो ट्रेन की स्पीड 501 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी, लेकिन फिर भी किसी भी तरह की कंपन देखने को नहीं मिली।

ट्रेन में खास यात्रा के बाद सीएम योगी ने क्या कहा?

ट्रेन में अपनी यात्रा के अनुभव के बारे में योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'आप देख सकते हैं कि मैं 501 किमी/घंटा की रफ्तार से यात्रा कर रहा था। यमनाशी में जापान की उन्नत SC MAGLEV ट्रेन का अनुभव किया, जो नेक्स्ट-जेनरेशन हाई-स्पीड सिस्टम है। यह 500 किमी/घंटा तक की रफ्तार पकड़ सकती है। इतनी असाधारण गति पर भी सफर बेहद आरामदायक रहा, जो जापान की इनोवेशन और लंबे समय तक चलने वाली इंफ्रास्ट्रक्चर उत्कृष्टता को दिखाता है। जब तकनीक इतनी तेजी से आगे बढ़ती है, तो भविष्य बहुत करीब नजर आता है।'

ट्रेन में होता है सुपरकंडक्टिंग मैग्नेट्स का इस्तेमाल

बता दें कि SC Maglev ट्रेन जापान की सेंट्रल जापान रेलवे कंपनी द्वारा विकसित की गई है। इसमें सुपरकंडक्टिंग मैग्नेट्स का इस्तेमाल होता है, जो ट्रेन को ट्रैक से ऊपर उठाते और आगे बढ़ाते हैं। इससे घर्षण पूरी तरह खत्म हो जाता है और ट्रेन 600 किमी/घंटा से ज्यादा तक की रफ्तार पकड़ सकती है। यमनाशी मैग्लेव लाइन पर 2015 में इसने 603 किमी/घंटा की स्पीड का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। यह ट्रेन चुओ शिंकान्सेन लाइन पर चलती है, जो टोक्यो को नागोया से बहुत तेजी से जोड़ती है। इस दौरे से भारत और जापान के बीच हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट्स समेत कई क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिला है।