1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, जलालाबाद का नाम होगा परशुरामपुरी; भगवान परशुराम की है जन्मस्थली

योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, जलालाबाद का नाम होगा परशुरामपुरी; भगवान परशुराम की है जन्मस्थली

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम बदल दिया है। जलाबाबाद को अब परशुरामपुरी के रूप में जाना जाएगा। भगवान परशुराम की जन्मस्थली होने की वजह से इसका नाम बदलने की लंबे समय से मांग की जा रही थी।

जलालाबाद का नाम होगा परशुरामपुरी।- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE जलालाबाद का नाम होगा परशुरामपुरी।

लखनऊ: इस वक्त की बड़ी खबर यूपी के शाहजहांपुर से सामने आ रही है। दरअसल, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है। इसके मुताबिक शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम बदल दिया गया है। कैबिनेट के फैसले के अनुसार जलालाबाद का नया नाम "परशुरामपुरी" कर दिया गया है। बता दें कि जलालाबाद भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है, जिसे अब परशुरामपुरी कहा जाएगा। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के द्वारा लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी कि इस स्थान का नाम भगवान परशुराम के नाम पर होना चाहिए, जिसके बाद अब सरकार ने नाम बदलने का फैसला लिया है। ऐसे में अब शाहजहांपुर के जलालाबाद की नई पहचान परशुरामपुरी के रूप में होगी।

जलालाबाद का बदला गया नाम

सरकार की तरफ से एस प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जलालाबाद का नाम बदलने की जानकारी दी गई। विज्ञप्ति के मुताबिक, "जनपद शाहजहांपुर में स्थित नगर पालिका परिषद, जलालाबाद क्षेत्रान्तर्गत कस्बा जलालाबाद भगवान परशुराम जी के जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। पौराणिक कथाओं एवं ग्रंथों में इसका प्रमुखता से उल्लेख पाया जाता है। जनप्रतिनिधियों व स्थानीय निवासियों द्वारा जलालाबाद का नाम भगवान परशुराम के नाम पर परशुरामपुरी रखे जाने की प्रमुखता से मांग के दृष्टिगत 19.08.2025 द्वारा नगर पालिका परिषद जलालाबाद क्षेत्रान्तर्गत कस्बा/नगर जलालाबाद का नाम परिवर्तित कर परशुरामपुरी किये जाने के प्रस्ताव पर अनापत्ति प्रदान की गयी है। उक्त के क्रम में जनपद शाहजहांपुर की नगर पालिका परिषद जलालाबाद क्षेत्रान्तर्गत कस्बा/नगर जलालाबाद का नाम परिवर्तित कर परशुरामपुरी, किये जाने के प्रस्ताव पर अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है।"

Image Source : Reporter Inputविज्ञप्ति जारी कर दी जानकारी।

पहले भी बदले गए शहरों के नाम

इससे पहले भी योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में कई जगहों के नाम बदले हैं। इनमें प्रमुख जगहों की बात करें तो इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किया गया। इसी तरह फैजाबाद का नाम अयोध्या, मुगलसराय का नाम पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर, झांसी रेलवे स्टेशन का नाम वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन कर दिया गया। वहीं गोरखपुर में हाल ही में करीब 50 वार्डों के नाम बदले गए। इनमें मियां बाजार का नाम माया बाजार और अलीनगर का नाम आर्य नगर कर दिया गया। इसके अलावा हरदोई जिले में हाजीपुर का नाम बदलकर सियारामपुर, जबकि फिरोजाबाद जिले के उरमुरा किरार का नाम बदलकर हरिनगर कर दिया गया।

यह भी पढ़ें-

राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास का सामने आया पहला बयान, जानें चढ़ावा चोरी को लेकर क्या कहा