हल्की सी कहासुनी ने कुछ ही देर में इतना बड़ा रूप अख्तियार कर लिया कि एक युवक की हत्या कर दी गई। मामला यूपी के गाजियाबाद का है। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में मामूली बात पर हुए विवाद ने युवक की जान ले ली। गली में बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान विपिन को गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
रविवार देर रात बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर हुआ था विवाद
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रतिराम कॉलोनी में रविवार रात करीब 12 बजे बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर करीब 25 साल के विपिन और सोनू नाम के युवक के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ता चला गया और इसने बड़ा रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान सोनू ने विपिन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से खून बहने लगा। घटना के बाद परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो गोलियां लगने से विपिन की चली गई जान
बताया जा रहा है कि विपिन को दो गोलियां लगी थीं। मृतक विपिन शाहदरा स्थित एक ब्रश बनाने वाली कंपनी में काम करता था और परिवार में सबसे छोटा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि बड़ा भाई और शादीशुदा बहन परिवार में हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बताया पूरा घटनाक्रम
थाना लोनी बॉर्डर में एक कॉलोनी है रतिराम। सूचना मिली रात 12:00 बजे के आसपास वहां विपिन नाम के एक व्यक्ति को किसी ने गोली मार दी है। सूचना पर थाना लोनी बॉर्डर की पुलिस उच्चाधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पूछताछ के बाद पता चला कि उसको सोनू जो उसी मोहल्ले का रहने वाला है, उसने गोली मार दी है। विपिन अपने एक रिश्तेदार के यहां से रात में बाइक से वापस आ रहा था। जब वह बाइक लेकर उस मोहल्ले में जा रहा था तो वहां उसे सोनू मिला। सोनू से उसकी कुछ कहासुनी हुई बाइक का हॉर्न बजाकर के वह निकाल रहा था और उसके बाद सोनू ने गोली चलाई। इसमें उसे गोली पेट में लगी और उसे प्राथमिक उपचार के लिए हॉस्पिटल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मृतक विपिन के परिजनों की ओर से तहरीर दी गई और सुसंगत धाराओं में अभियोग का पंजीकरण किया गया। जिसमें आरोपी सोनू के पिता ब्रह्मपाल और उसकी पत्नी जिन्हें आरोपी बनाया गया है, उनकी नियमानुसार गिरफ्तारी की गई है और उसमें उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेजा जा रहा है।
गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
कानपुर में खड़े ट्रक में 100 की रफ्तार से घुसी स्कॉर्पियो, 2 मासूम समेत 3 की मौत
मथुरा के केनरा बैंक में तैनात सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस