रात के 2 बजे हवाई अड्डे पर उतरना कई महिलाओं के लिए सिर्फ थकान भरा नहीं, बल्कि सुरक्षा की चिंताओं से भरा अनुभव होता है। लेकिन अपूर्वा नाम की एक महिला के लिए यह अनुभव बिल्कुल अलग साबित हुआ। उन्होंने महिला ड्राइवर वाली कैब बुक की और सफर के दौरान उन्हें इतनी निश्चिंतता महसूस हुई कि उन्होंने खुद को ‘मर्द जैसा’ बताया। उनका इंस्टाग्राम वीडियो वायरल हो गया है और महिलाओं की सुरक्षा पर व्यापक चर्चा छिड़ गई है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर अपूर्वा ने @portraitsbyapoorva हैंडल से शेयर किय गया है। वे बोलीं कि, हाल ही में मुंबई में लैंड किया। रात के 2 बजे एयरपोर्ट से निकलने के बाद उन्होंने महिला चालक वाली कैब बुक की। सामान्य परिस्थितियों में महिलाएं देर रात कैब में सवार होते समय रूट पर नजर रखती हैं, फोन पर किसी को कॉल पर रखती हैं या परिवार के सदस्य से बात करके यह दिखावा करती हैं कि कोई उनकी यात्रा ट्रैक कर रहा है। लेकिन अपूर्वा को ऐसा कुछ नहीं करना पड़ा।
'मुझे मर्द जैसा फील हुआ'
अपने वीडियो में उन्होंने कहा, “आज मुझे मर्द जैसा महसूस हुआ।” उन्होंने आगे बताया, “मैं लगभग भूल गई थी कि मुझे अपनी सुरक्षा की चिंता करनी होती है। सफर के दौरान मैं लगातार फोन चेक नहीं कर रही थी। मैं परिवार के सदस्य से कॉल पर बात करके यह दिखावा नहीं कर रही थी कि कोई मेरी यात्रा ट्रैक कर रहा है। मैं बस रिलैक्स कर सकती थी।” वीडियो में वे प्लेन में और फिर कैब में यात्रा करते हुए दिखती हैं। कैब की खिड़की से रात के शहर के दृश्य और ड्राइवर का हाथ स्टीयरिंग पर दिखाई देता है। कैप्शन में उन्होंने लिखा कि यह भावना इसलिए नहीं थी कि पुरुष कभी डर या कमजोरी महसूस नहीं करते, बल्कि इसलिए कि उन्हें पहली बार यह एहसास हुआ कि दुनिया में बिना सुरक्षा की लगातार गणना किए घूमना कैसा लगता है। “कभी-कभी आजादी सिर्फ बिना डर के अस्तित्व में होना है। और यह विशेषाधिकार हर किसी को समान रूप से नहीं मिलता।”
यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला। कई यूजर्स ने इसे महिलाओं की रोजमर्रा की सुरक्षा चिंताओं को व्यक्त करने वाला बताया। एक यूजर ने कमेंट किया, “यह कुछ इतना गहरा व्यक्त करता है जिस पर हम पुरुषों को शायद ही कभी सोचना पड़ता है। हम सामान्य जीवन की साधारण आजादी को हल्के में लेते हैं, जो एक अदृश्य विशेषाधिकार है।” कई महिलाओं ने भी अपनी समान अनुभव साझा किए कि देर रात यात्रा करते समय वे कितनी सतर्क रहती हैं।
गौरतलब है कि, इससे पहले एक विदेशी महिला ने मुंबई के बारे में 10 इंप्रेसिव बातें शेयर की थीं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
'मुझे मुंबई बहुत पसंद है...' सुबह 3:30 बजे घूमने निकली लड़की ने Women Safety पर जमकर की तारीफ