अरुणाचल प्रदेश की बर्फीली ठंड में भारतीय सेना के एक अधिकारी की छोटी-सी इंसानियत भरी हरकत ने सोशल मीडिया पर दिल जीत लिया है। तवांग के पास माधुरी लेक की ओर जा रहे एक बाइकर को सेना के अधिकारी ने रोका, मुस्कुराते हुए बात की, नाश्ता ऑफर किया और चॉकलेट्स थमा दीं। वीडियो वायरल होते ही लोग लिख रहे हैं, “Higher the altitude, lower the attitude” यानी ऊंचाई जितनी ज्यादा, रवैया उतना ही विनम्र।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर ट्रैवलर अबिलाश ने @wander_with.abi हैंडल से शेयर किया है। वे बाइक पर माधुरी लेक की ओर जा रहे थे। रास्ते में भारतीय सेना के एक अधिकारी ने उन्हें रोका। अधिकारी ने मुस्कुराते हुए पूछा, “तो आप कहाँ जा रहे हैं? और आगे घूमने जा रहे हैं?” अबिलाश ने जवाब दिया कि वे माधुरी लेक जाकर वापस लौटेंगे। अधिकारी ने बताया कि वे महाराष्ट्र से हैं और बाइकर को ब्रेड ऑमलेट का नाश्ता तथा चॉकलेट्स ऑफर किए। अबिलाश ने नाश्ता तो विनम्रता से मना कर दिया, लेकिन चॉकलेट्स खुशी-खुशी स्वीकार कर लीं। अधिकारी ने सिर्फ एक-दो नहीं, बल्कि मुट्ठी भर चॉकलेट्स उनके हाथ में रख दीं।
'मुझे उन पर गर्व है'
अबिलाश ने कैप्शन में लिखा, “अरुणाचल प्रदेश की यात्रा के दौरान, मेरी मुलाक़ात एक आर्मी ऑफ़िसर से हुई जो बहुत अच्छे इंसान थे। उन्होंने मुझे रोका, बहुत प्यार से बात की, नाश्ता ऑफ़र किया और यहां तक कि मुझे चॉकलेट भी दीं। वहाँ का तापमान लगभग 4°C था, जबकि इस इलाके में तापमान -20°C तक भी गिर सकता है। इससे मुझे हमारे बहादुर सैनिकों के उस समर्पण और त्याग का और भी गहराई से एहसास हुआ, जो इतने मुश्किल हालात में भी देश की सेवा करते हैं। मैं सचमुच उनका आभारी हूं और मुझे उन पर गर्व है।” उन्होंने कहा कि अधिकारी की इस छोटी-सी कृपा से ठंड भी गर्म लगने लगी और उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों के प्रति आभार जताया।
जेस्चर और मेहमाननवाजी से इंप्रेस हुए यूजर्स
वीडियो में अधिकारी का चेहरा मुस्कान से भरा दिख रहा है। बर्फीली हवाओं और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका व्यवहार बेहद सौम्य और मेहमाननवाज था। अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र में सर्दियों का तापमान माइनस 20 डिग्री तक गिर जाता है। ऐसे में सीमा पर डटे जवानों की दिनचर्या कितनी चुनौतीपूर्ण होती है, यह आम लोगों के लिए कल्पना से परे है। फिर भी एक अनजान बाइकर के प्रति इतना स्नेह और देखभाल देखकर लोग भावुक हो गए।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो को देखने के बाद कई यूजर्स ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा कि, 'ऊंचाई जितनी ज्यादा, रवैया उतना ही विनम्र।'
दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'सेना आपको अपनी मां की बाहों में होने का एहसास देती है! आपको सुरक्षा का एहसास होता है कि जब वे आपके साथ हैं तो कुछ भी गलत नहीं हो सकता!।'
तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'बहुत ही दयालु, भारतीय सेना को सलाम।'
चौथे यूजर ने लिखा कि, 'उनकी मुस्कान ने चॉकलेट को भी पिघला दिया; ठंडे पहाड़ों में अकेलापन बहुत तकलीफदेह होता है, लेकिन किसी हमदर्द और विनम्र व्यक्ति से मिलने से उनका दिन रोशन हो जाता है। जब भी मौका मिले, हमारी सीमाओं की रक्षा करने वालों से जरूर बात करें।'
पांचवें यूजर ने लिखा कि, 'उन्होंने एक या दो नहीं दिए; उन्होंने मुट्ठी भर दिए।'
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
कार की बैट्री खत्म होते ही फंसी महिला, देखकर सेना के जवान ने इस तरह की मदद; दिल जीत लेगा Video