A
  1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. पिया मिलन से पहले परीक्षा..., मंडप से सीधे एग्जाम देने पहुंची युवती, कायम की शिक्षा के प्रति समर्पण की मिसाल

पिया मिलन से पहले परीक्षा..., मंडप से सीधे एग्जाम देने पहुंची युवती, कायम की शिक्षा के प्रति समर्पण की मिसाल

बिहार के जहानाबाद जिले की वर्षा कुमारी ने शिक्षा के प्रति समर्पण की मिसाल कायम की है। वह अपने शादी के मंडप से सीधे इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए एग्जाम सेंटर पहुंच गई।

bihar bride came to give board exam- India TV Hindi
Image Source : REPORT बोर्ड परीक्षा देने पहुंची दुल्हन।

बिहार में वर्तमान में बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं जिसमें लाखों की संख्या में छात्र भाग ले रहे हैं। ऐसे में इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान राज्य के जहानाबाद जिले से एक बड़ा ही प्रेरणादायक मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा के प्रति समर्पण की नई मिसाल कायम की है। दरअसल, शहर के गौतम बुद्ध इंटर विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर उस समय सभी हैरान रह गए, जब एक छात्रा शादी के जोड़े और हाथों में मेहंदी लगाए सीधे परीक्षा देने पहुंच गई।

क्या है पूरा मामला?

सामने आई जानकारी के अनुसार, रतनी प्रखंड के खैरा गांव की रहने वाली वर्षा कुमारी की शादी सोमवार की अहले सुबह गया जिले के पहाड़पुर गांव में संपन्न हुई थी। शादी की रस्मों और विदाई के बीच भी वर्षा ने अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी और बिना समय गंवाए सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचकर इतिहास विषय की परीक्षा दी।

Image Source : Reporterपरीक्षा देने पहुंची वर्षा कुमारी।

दुल्हन को देखकर भारी भीड़ जमा हो गई

शादी के लाल जोड़े और गहनों में सजी दुल्हन को परीक्षा केंद्र पर देखकर अन्य छात्राओं और अभिभावकों की भारी भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करना चाहता था, जिससे कुछ समय के लिए परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिस को भीड़ नियंत्रित करनी पड़ी।

परिजनों ने क्या बताया?

वर्षा कुमारी और उनके परिजनों ने बताया कि शादी सोमवार की सुबह ही हुई थी, लेकिन परीक्षा देना बेहद जरूरी था। इसी कारण वह सीधे मंडप से परीक्षा देने पहुंची। परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस अधिकारी ने भी छात्रा के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि उसने समाज के सामने एक सकारात्मक संदेश पेश किया है। वर्षा कुमारी का यह कदम यह साबित करता है कि शादी और सामाजिक रस्में अपनी जगह हैं, लेकिन शिक्षा और करियर के प्रति जिम्मेदारी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनका यह साहसिक निर्णय आज के समाज के लिए एक प्रेरणा बनकर सामने आया है। (रिपोर्ट: मुकेश)

ये भी पढ़ें- 'ये देखो हमारी आकांक्षा मैम', बच्चे ने ब्लॉग में सुनाया अपना दुखड़ा, VIDEO हो गया वायरल

मेट्रो स्टेशन पर शख्स को डांस के कीड़े ने काटा, फिर जो हुआ वो जरा आप भी देख लीजिए