1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. VIDEO: बैलगाड़ी पर जुलूस निकालने जा रहे थे TMC प्रत्याशी, शोर सुनकर बिदक गए बैल; मची अफरा-तफरी

VIDEO: बैलगाड़ी पर जुलूस निकालने जा रहे थे TMC प्रत्याशी, शोर सुनकर बिदक गए बैल; मची अफरा-तफरी

पूर्व बर्दवान के आउसग्राम सीट पर टीएमसी प्रत्याशी श्यामा प्रसन्ना लोहार एक जुलूस निकालने जा रहे थे। इस दौरान जुलूस में शामिल बैल ढोल-नगाड़ों की आवाज सुनकर बिदक गए। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

शोर सुनकर बिदक गए जुलूस में शामिल बैल।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शोर सुनकर बिदक गए जुलूस में शामिल बैल।

पूर्व बर्दवान: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। यहां टीएमसी के एक प्रत्याशी की रैली में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दरअसल, टीएमसी प्रत्याशी श्यामा प्रसन्ना लोहार एक बैलगाड़ी पर बैठ कर अपने समर्थकों के साथ चुनावी रैली निकालने वाले थे। इस दौरान उन्होंने बैलगाड़ी के अलावा ढोल-नगाड़ों की व्यवस्था भी की थी। हालांकि यही गलती भारी पड़ गई। यहां चुनावी रैली में ढोल-नगाड़ों की गूंज से बैल बेकाबू हो गए। इसके बाद वहां समर्थकों के बीच अफरा तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

यादगार जुलूस निकालने जा रहे थे प्रत्याशी

दरअसल, पूरा मामला पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले का बताया जा रहा है। यहां आउसग्राम विधानसभा सीट पर टीएमसी प्रत्याशी श्यामा प्रसन्ना लोहार को अपना चुनावी जुलूस अनोखा और यादगार बनाने की कोशिश भारी पड़ गई। टीएमसी उम्मीदवार श्यामा प्रसन्न लोहार का चुनावी प्रचार उस वक्त चर्चा का विषय बन गया, जब उनका अनोखा प्रचार अभियान अचानक अफरा-तफरी में बदल गया। बताया जा रहा है कि चुनाव प्रचार को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए जुलूस में बैलों को शामिल किया गया था, लेकिन ढोल-नगाड़ों की तेज आवाज से बैल बेकाबू हो गए और इधर-उधर भागने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

घटना का वीडियो हो रहा वायरल

हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना ने चुनाव प्रचार अभियान की पूरी रणनीति पर पानी फेर दिया। हालात को देखते हुए उम्मीदवार श्यामा प्रसन्ना लोहार को अंत में अपने समर्थकों के साथ पैदल ही चुनावी प्रचार जारी रखना पड़ा। वहीं इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां एक ओर इसे अनोखे प्रचार का असफल प्रयास माना जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। (इनपुट- बीजू मंडल)

यह भी पढ़ें-

धार्मिक जुलूस के दौरान अचानक टूटा पुल, 8 लोग घायल; हादसे का VIDEO आया सामने