एक कैब सवारी के दौरान हुई बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है। इसमें कैब ड्राइवर ने विरोध प्रदर्शन करने वाली महिलाओं के बारे में कहा कि उनकी शादी कोई नहीं करेगा। महिला यात्री ने शांत लेकिन तीखे अंदाज में जवाब दिया, जिसने इंटरनेट पर चर्चा छेड़ दी है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @its__lawirl नामक हैंडल से शेयर किया गया है। इसमें महिला कैब में बैठकर अपनी दोस्तों से बात कर रही थी और उन्हें ‘भाई’ कह रही थी। ड्राइवर ने इस पर टिप्पणी करते हुए सलाह दी कि महिलाओं को अपनी महिला दोस्तों को ‘भाई’ नहीं कहना चाहिए। बात यहीं नहीं रुकी। ड्राइवर ने आगे सामाजिक मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन करने वाली महिलाओं और ‘मर्दों पर क्या भरोसा’ जैसे नारों का जिक्र करते हुए कहा, “कोई करेगा उससे शादी, कोई नहीं करेगा।”
महिला यात्री ने जताई असहमति
महिला यात्री ने बिना हिचकिचाहट के जवाब दिया, “तो भैया, उसको शादी नहीं करनी होगी।” वीडियो में ओवरले टेक्स्ट के साथ यह बात साफ की गई है कि महिलाओं के विरोध के कारणों या उनके मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय बात तुरंत उनकी शादी की संभावनाओं पर आ जाती है। ड्राइवर ने आगे यह भी कहा कि अगर ये महिलाएं शादी न भी करें तो भी उन्हें शादी से जुड़े सारे काम करने पड़ेंगे। डियो शेयर करते हुए महिला ने कैप्शन में लिखा कि उन्हें ड्राइवर के बयान से ज्यादा उसके पीछे की मानसिकता ने चौंकाया। उन्होंने पूछा कि जब महिलाएं अपनी सुरक्षा, अधिकारों या समाज के व्यवहार के बारे में चिंता जताती हैं, तो बात इतनी जल्दी उनकी शादी की संभावनाओं पर क्यों चली जाती है? क्यों महिला का भविष्य अभी भी इस बात से मापा जाता है कि कोई पुरुष उससे शादी करना चाहेगा या नहीं?
यूजर्स ने दी मिली-जुली प्रतिक्रिया
इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया पर मिली—जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला के जवाब की सराहना की है। कई लोगों ने कहा कि शादी एक व्यक्तिगत विकल्प है, न कि महिलाओं के अधिकारों की आवाज उठाने की कीमत। कुछ ने ड्राइवर की सोच को पितृसत्तात्मक बताया, जबकि कुछ ने चर्चा को व्यापक सामाजिक नजरिए से जोड़कर देखा। चूंकि, वीडियो में बातचीत का माहौल सामान्य कैब सवारी जैसा दिखता है, लेकिन ड्राइवर के बयान ने इसे विवादास्पद बना दिया। महिला ने शांत स्वर में जवाब दिया, जिससे बहस तीखी नहीं हुई, लेकिन उनका संदेश साफ था। सोशल मीडिया पर लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि रोजमर्रा की बातचीत में भी महिलाओं के अधिकारों को लेकर इस तरह की मानसिकता कितनी गहरी है।
गौरतलब है कि इससे पहले कैब ड्राइवर द्वारा कैब में डॉग को अलाउ करने का वीडियो भी वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
Viral Post : कैब ड्राइवर ने यात्रियों और प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए की ऐसी व्यवस्था, देखकर हर कोई कर रहा तारीफ