1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए नदी में गिरा दी कार, Video देख यूजर्स बोले- 'इनके पास दिमाग होना नामुमकिन'

सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए नदी में गिरा दी कार, Video देख यूजर्स बोले- 'इनके पास दिमाग होना नामुमकिन'

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पुरुषों को कार नदी में गिराते हुए देखा गया।

वीडियो हो रहा वायरल। - India TV Hindi
Image Source : X/@ALIYAANSAR85012 वीडियो हो रहा वायरल।

जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में सोशल मीडिया रील्स बनाने की होड़ ने कुछ युवकों को जानलेवा जोखिम उठाने पर मजबूर कर दिया। एक समूह ने महिंद्रा स्कॉर्पियो एसयूवी को तेज बहाव वाली सिंध नदी में उतार दिया, ताकि स्टंट का वीडियो बना सकें। नतीजा यह हुआ कि गाड़ी तेज धारा में फंस गई और सभी सवार खतरे में पड़ गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जहां लोगों ने इसे बेवकूफी भरा कदम बताते हुए टिप्पणी की-‘एसयूवी वालों के पास दिमाग होना नामुमकिन है।’ 

रील बनाने की सनक में उतारी थी कार 

वीडियो को एक्स पर @AliyaAnsar85012 नामक हैंडल से शेयर किया गया है और वीडियो को एक्स पर @GreaterKashmir नामक हैंडल से भी शेयर किया गया है। दावा है कि, घटना होटल सिंध रिसॉर्ट्स के पास हुई। युवकों ने रील बनाने के चक्कर में स्कॉर्पियो को नदी के तल में उतार दिया। तेज बर्फीली धारा ने गाड़ी को बीच में फंसा दिया। सवार खुद को बाहर निकालने में असमर्थ रहे। सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। किसी को चोट नहीं आई। बाद में स्कॉर्पियो को भी नदी से बाहर निकाला गया। 

'गाड़ी को नदी में उतारना लापरवाही'

पुलिस के अनुसार, वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए गाड़ी को नदी में उतारना गंभीर लापरवाही थी, जिससे सवारों और आसपास के लोगों की जान खतरे में पड़ गई। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं तीखी रहीं। कई लोगों ने गिरफ्तारी की मांग की और पुलिस से पूछा कि क्या आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई होगी। एक यूजर ने लिखा, “एसयूवी वालों के पास दिमाग होना नामुमकिन है।” दूसरे ने कहा, “जब ज्यादा पैसा आता है तो अक्ल उड़ जाती है।” 
एक टिप्पणी में लिखा था, "इन्हें गिरफ्तार करो।" 
किसी अन्य व्यक्ति ने लिखा, "पुलिस ने वास्तव में उन्हें बचाया, जो सराहनीय है क्योंकि यह उनका कर्तव्य है। हालांकि, क्या उन्होंने उन्हें गिरफ्तार किया और उन पर आरोप लगाए, क्योंकि यह भी उनकी जिम्मेदारियों का हिस्सा है?" 

समय-समय पर अलर्ट करती है पुलिस

पुलिस प्राय: पर्यटकों और स्थानीय युवाओं को चेतावनी देती है कि पहाड़ी नदियों और जल निकायों के आसपास खतरनाक स्टंट न करें। तेज बहाव वाले पानी में ऐसी हरकतें कुछ ही सेकंड में जानलेवा साबित हो सकती हैं। सोशल मीडिया के लिए जान जोखिम में डालना न सिर्फ खुद के लिए खतरा है, बल्कि कानूनी कार्रवाई का भी कारण बन सकता है। यह घटना सोशल मीडिया की बढ़ती होड़ को उजागर करती है, जहां लाइक्स और व्यूज के लिए लोग बेतुके जोखिम उठा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां रील्स के चक्कर में लोग दुर्घटना का शिकार हुए। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि मनोरंजन के नाम पर सुरक्षा को कभी न भूलें। सोनमर्ग जैसी खूबसूरत जगहों पर जिम्मेदारी से व्यवहार करें।
गौरतलब है कि, इससे पहले पटना मेट्रो में रील्स की सनक का वीडियो वायरल हुआ था, जिसे कई यूजर्स ने देखा था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें - 
रात भर ट्रेन में तेज आवाज में रील देखती रही महिला, वायरल पोस्ट पर यूजर्स बोले- 'भारतीयों के साथ यात्रा करना मुश्किल'