बुलंदशहर: जिले के खुर्जा नगर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब पति-पत्नी के बीच बीच सड़क पर ही बहस हो गई। इसके बाद जमकर हंगामा देखने को मिला। देखते ही देखते आसपास काफी लोग इकट्ठा हो गए। इसी में से किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस दौरान महिला अपने पति की बाइक पर गुस्से में पत्थर से हमला करके उसे तोड़ने की कोशिश कर रही थी।
दूसरी महिला से बात करने का था शक
दरअसल, पूरा मामला खुर्जा के श्री नवदुर्गा शक्ति मंदिर मार्ग का बताया जा रहा है। यहां एक महिला ने गुस्से में आकर अपने पति की बाइक को पत्थरों से तोड़ डाला। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, महिला को अपने पति पर किसी दूसरी महिला से फोन पर बात करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते सड़क पर ही मारपीट में बदल गई।
बाइक को बुरी तरह किया क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों के बीच लात-घूंसे तक चले और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हंगामे के दौरान गुस्से से आगबबूला पत्नी ने पास में पड़े पत्थर उठाकर पति की बाइक पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पति मौके से फरार हो गया। वहीं, आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह महिला को शांत कराने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद मामला काबू में आया।
घटना का वीडियो वायरल
घटना के चलते काफी देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों की भारी भीड़ जुटी रही। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस जांच की बात कही जा रही है। खुर्जा के नवदुर्गा मंदिर मार्ग का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे लोग तेजी से शेयर कर रहे हैं। (इनपुट- वरुण शर्मा)
यह भी पढ़ें-
दूसरी शादी की चाह में हत्यारन बनी मां, 8 साल की बेटी को ट्रेन के सामने धकेला; इलाज के दौरान मौत