1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दूसरी शादी की चाह में हत्यारन बनी मां, 8 साल की बेटी को ट्रेन के सामने धकेला; इलाज के दौरान मौत

दूसरी शादी की चाह में हत्यारन बनी मां, 8 साल की बेटी को ट्रेन के सामने धकेला; इलाज के दौरान मौत

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Mar 31, 2026 06:28 pm IST,  Updated : Mar 31, 2026 06:28 pm IST

एमपी के नर्मदापुरम में एक महिला ने अपनी 8 साल की बेटी की ट्रेन के आगे धक्का देकर हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में महिला ने अपराध कबूल कर लिया। महिला ने बताया कि वह दूसरी शादी करना चाहती थी, लेकिन बेटी की वजह से शादी नहीं हो रही थी।

पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार। - India TV Hindi
पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार। Image Source : REPORTER INPUT

नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर अपनी ही बेटी को ट्रेन के सामने धक्का देने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक महिला दूसरी शादी करना चाहती थी, जिसमें उसकी 8 साल की बेटी बाधा बन रही थी, जिसके बाद महिला ने अपनी बेटी को रास्ते से हटाने के लिए घटना को अंजाम दिया। फिलहाल बेटी को ट्रेन के सामने धकेलने वाली मां को जीआरपी इटारसी ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घायल बच्ची ने सोमवार को भोपाल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी मां के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा को बढ़ाकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

मां ने बेटी को ट्रेन के आगे दिया धक्का

जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि नर्मदापुरम निवासी अंजू राजपूत कृषि विभाग में बाबू के पद पर पदस्थ है। 17 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपनी 8 वर्षीय बेटी युविका को लेकर नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पहुंची थी। यहां तमिलनाडु एक्सप्रेस के आने के दौरान उसने बेटी को ट्रेन के सामने धकेल दिया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल बच्ची को पहले नर्मदापुरम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया, जहां उसकी सर्जरी हुई और तब से उसका इलाज चल रहा था। सोमवार को इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।

पति की मौत के बाद मिली थी अनुकंपा नियुक्ति

पुलिस के मुताबिक घटना के दूसरे दिन ट्रेन चालक के बयान दर्ज किए गए थे। चालक ने भी बताया था कि महिला ने खुद बच्ची को ट्रेन के सामने धकेला था। शुरुआती पूछताछ में आरोपी मां घटना से इनकार करती रही, लेकिन बाद में पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके पति की कुछ समय पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पति की मृत्यु के बाद उसे कृषि विभाग में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वह दोबारा शादी करना चाहती थी, लेकिन बच्ची के कारण उसे परेशानी महसूस हो रही थी। इसी वजह से उसने बच्ची को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पहले भी बेटी को लेकर गई थी रेलवे स्टेशन

पुलिस के अनुसार, घटना से पहले भी आरोपी कई बार बच्ची को रेलवे स्टेशन लेकर गई थी, लेकिन उस समय वारदात को अंजाम नहीं दे पाई। 17 मार्च को ट्रेन आते ही उसने बच्ची को धकेल दिया। बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मेडिकल परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। (इनपुट- अब्दुल सलीम)

यह भी पढ़ें-

चलती रोडवेज बस का अचानक खुल गया दरवाजा, नीचे गिरने से दो बहनों को लगी चोट; CCTV फुटेज आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।