1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. जब सेना के पायलट ने सरेआम गर्लफ्रेंड को किया प्रपोज, दिल खुश कर देगा ये Viral Video

जब सेना के पायलट ने सरेआम गर्लफ्रेंड को किया प्रपोज, दिल खुश कर देगा ये Viral Video

Viral Video : सोशल मी​डिया पर एक वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इस वीडियो में भारतीय सेना के एविएशन कैप्टन के पायलट ने पासिंग-आउट परेड के बाद अपनी गर्लफ्रेंड को सरेआम प्रपोज कर दिया।

Combat Army Aviation Pilot video, pilot proposed girlfriend video, aaj ka viral video, viral news, v- India TV Hindi
Image Source : X/@ANI पायलट का वीडियो वायरल।

Viral Video : भारतीय सेना के एक पायलट ने पासिंग-आउट परेड के तुरंत बाद अपनी गर्लफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज कर चौंका दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया है। यह दिल छू लेने वाला पल महाराष्ट्र के नासिक स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल (सीएएटीएस) में पासिंग-आउट परेड के बाद हुआ। 

एक्स पर वीडियो वायरल 

वीडियो को न्यूज एजेंसी एएनआई ने पोस्ट किया। इसमें भारतीय सेना के एविएशन कैप्टन भरत भारद्वाज ने पासिंग-आउट परेड के बाद पूरा करने के तुरंत बाद अपनी प्रेमिका आरुषि को शादी का प्रस्ताव दिया। अपनी औपचारिक सैन्य वर्दी पहने हुए, वह रनवे पर आए, घुटनों के बल बैठे और सगाई की अंगूठी पहनाकर आरुषि को प्रपोज किया। पास में खड़ा एक सेना का हेलीकॉप्टर इस खूबसूरत दृश्य की पृष्ठभूमि बना रहा था। प्रस्ताव के वीडियो में आरुषि को स्पष्ट रूप से आश्चर्यचकित होकर प्रस्ताव स्वीकार करते हुए दिखाया गया है, जबकि परिवार के सदस्य, साथी अधिकारी, प्रशिक्षक और मेहमान तालियों गूंज से उठे। कैप्शन में लिखा गया, 'नासिक स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित पासिंग आउट परेड का समापन एक भावुक क्षण के साथ हुआ, जब कैप्टन भरत भारद्वाज ने अपनी पार्टनर को शादी का प्रस्ताव दिया।' 

'मंगेतर के लिए यादगार बनाना चाहता था दिन' 

कैप्टन भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने इस अवसर को इसलिए चुना क्योंकि यह उनके पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन दोनों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। वे बोले कि, 'आज हम सब पायलट और प्रशिक्षक बन गए हैं। आज हम सबके लिए बहुत बड़ा दिन था। हमारी मेहनत रंग लाई। हम दोनों एक-दूसरे को पिछले पांच सालों से जानते हैं। मुझे नहीं लगता कि उसे शादी का प्रस्ताव देने के लिए इससे बेहतर कोई दिन हो सकता है। आज मेरे परिवार के लिए भी बहुत बड़ा दिन है। मैं अपनी मंगेतर के लिए भी इस दिन को यादगार बनाना चाहता था। यही मेरा पूरा मकसद था।'

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

इस वीडियो को सोशल मीडिया यूजर्स ने काफी पसंद किया। एक यूजर ने लिखा कि, 'किसी उपलब्धि का जश्न मनाने का शानदार तरीका। सम्माननीय।' दूसरे ने लिखा कि, 'भाई ने एक साथ दो खुशियां मनाईं।' तीसरे ने लिखा कि, 'देश की सेवा करने से लेकर प्यार की एक नई यात्रा शुरू करने तक कैप्टन भरत भारद्वाज के प्रस्ताव ने पासिंग आउट परेड को वास्तव में अविस्मरणीय बना दिया।' चौथे ने लिखा कि, 'कितना सुंदर और भावुक क्षण! इस खुशहाल जोड़े को उनके भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।' 

यूजर्स ने याद दिलाई वर्दी की गरिमा 

हालांकि, कई यूजर्स ने कैप्टन को वर्दी की गरिमा याद दिलाते हुए नसीहत भी दी। एक यूजर ने लिखा कि, 'भाई, ये शादी का प्रस्ताव रखने की जगह नहीं है। सोशल मीडिया पर चल रहे ये ट्रेंड और रील्स हमारी वर्दी के प्रति सम्मान को धूमिल कर देंगे। किसी को भी ऐसा करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए और अगर ऐसा करते हुए पाया गया तो उसे उचित चेतावनी दी जानी चाहिए।' दूसरे ने लिखा कि, 'अत्यंत अनुशासित संस्थान, पासिंग-आउट परेड, वर्दीधारी अधिकारी... और फिर प्रस्ताव के लिए घुटनों पर बैठना। शायद मैं पुराने ख्यालों का हूं, लेकिन कुछ अवसर वर्दी, सेवा और उपलब्धि तक ही सीमित रहने चाहिए... न कि निजी पलों को सार्वजनिक तमाशा बना दिया जाए।'
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
वंदे भारत से कितनी अलग है हाइड्रोजन ट्रेन ? स्पीड, लागत या डिजाइन कौन सी चीज है सबसे बेस्ट  

IPL 2026 Final : साईं सुदर्शन के बैट ड्रॉप मोमेंट पर बन रहे मजेदार मीम्स, यूजर्स ने कुछ इस तरह लिए मजे