यूपी के देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के चकरा गोसाई पुलिस चौकी से सटी भूमि को लेकर रविवार दोपहर को विवाद हो गया। जमीन के सीमांकन को लेकर पुलिसकर्मियों और जमीन मालिक के बीच कहासुनी हो रही थी जो बाद धक्का-मुक्की में बदल गई।
इस दौरान जमीन मालिक ने चौकी इंचार्ज का कॉलर पकड़ा, सिपाही को थप्पड़ मारा और ईंट उठाकर पुलिसकर्मियों पर हमला करने की भी कोशिश की।
क्या है पूरा मामला?
मईल थाना क्षेत्र के चकरा गोसाई गांव निवासी दीनानाथ तिवारी का पुलिस चौकी और पंचायत भवन से सटे भूखंड है, इसको लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। रविवार को वह अपने घर के पास मजदूरों से सफाई करा रहे थे। इसी बीच चौकी पर तैनात दरोगा और सिपाही मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई और निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। इस घटना का वीडियो सामने आया है, जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
देखें घटना का वीडियो-
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, बहस के समय स्थिति अचानक बिगड़ गई। एक दरोगा और वृद्ध दीनानाथ तिवारी के बीच धक्का-मुक्की हो गई। वीडियो में वृद्ध को दारोगा का कॉलर पकड़ते और ईंट उठाते हुए देखा जा सकता है। एक अन्य पुलिसकर्मी ईंट छीनते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में अन्य पुलिसकर्मी बीच-बचाव कर माहौल शांत कराने का प्रयास करते दिख रहे हैं। हंगामा बढ़ता देख वृद्ध के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
'दीवार गिरने को लेकर गलतफहमी के कारण हुआ विवाद'
घटना की सूचना मिलने पर मईल थाने से और पुलिस बल मौके पर पहुंचा गया। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। प्रभारी थानेदार अरविंद कुमार ने बताया कि दीवार गिरने को लेकर गलतफहमी के कारण यह विवाद हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल, पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। इस मामले मे मईल थाना क्षेत्र मे दीनानाथ तिवारी समेत 5 ज्ञात और 6 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
(रिपोर्ट-विनोद कुमार)