1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. मंदिर में हाथी का तांडव, पुजारी को जमीन पर पटकर हवा में उठा लिया, मच गई चीख-पुकार; देखें VIDEO

मंदिर में हाथी का तांडव, पुजारी को जमीन पर पटकर हवा में उठा लिया, मच गई चीख-पुकार; देखें VIDEO

मंदिर में उत्सव के दौरान हाथी ने पुजारी को अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया। महावत ने हाथी पर काबू पाया। अन्नमनदा महादेव मंदिर में गुरुवार को ये घटना घटी।

हाथी ने पुजारी पर किया हमला- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हाथी ने पुजारी पर किया हमला

केरलम (केरल का बदला हुआ नाम) के त्रिशूर जिले के अन्नमनदा महादेव मंदिर में गुरुवार को एक उत्सव के दौरान एक हाथी अचानक हिंसक हो गया और एक पुजारी पर हमला कर दिया। हाथी ने पुजारी को अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अन्नमनदा महादेव मंदिर में गुरुवार को ये घटना घटी। मंदिर में शोभा यात्रा की तैयारियां चल रही थीं। मंदिर की शोभा यात्रा के लिए महावत हाथी को भव्य तरीके से सजाकर मंदिर प्रांगण में लेकर आया था। भगवान की प्रतिमा को हाथी पर विराजमान करने (झांकी निकालने) की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी। प्रतिमा रखने से पहले महावत एक पुजारी को हाथी पर बैठाने की कोशिश कर रहा था।

अचानक हाथी को आया गुस्सा

इसी दौरान हाथी को अचानक गुस्सा आ गया और उसने भगवान की झांकी के साथ पास में खड़े एक पुजारी को अपनी सूंड में लपेट लिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, हाथी ने पुजारी को उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर हवा में उठा लिया। इस मंजर को देखकर मंदिर परिसर में मौजूद पुजारी और श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।

महावत ने पाया काबू

राहत की बात यह रही कि महावत ने तुरंत हाथी पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में पुजारी को गंभीर चोट आई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।