A
  1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. Video : विदेशी टूरिस्ट ने भारत घूमकर दिया सबसे सटीक फीडबैक, प्राकृतिक नजारों पर जो कहा वो सबको सुनना चाहिए

Video : विदेशी टूरिस्ट ने भारत घूमकर दिया सबसे सटीक फीडबैक, प्राकृतिक नजारों पर जो कहा वो सबको सुनना चाहिए

Viral Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें एक विदेशी पर्यटक ने भारत की यात्रा करते हुए नकारात्मक फीडबैक देने वालों को गलत बताया।

Foreigner Tourist Video, Foreigner Tourist in India, viral video, viral news, news in hindi, india t- India TV Hindi
Image Source : IG/@JACK_OFALLJOURNEYS विदेशी पर्यटक ने दिया फीडबैक।

Viral Video : आपको तो पता ही है कि, भारत का प्राकृतिक सौंदर्य विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने का प्रमुख कारण है। हिमालय की बर्फीली चोटियां, केरल की शांत बैकवाटर्स, राजस्थान के रेगिस्तानी लैंडस्केप और गोवा के सुनहरे समुद्र तट विदेशी पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं। प्रकृति प्रेमी पर्यटक भारत की विविधता से हैरान रह जाते हैं। एक ही देश में बर्फ से ढकी पहाड़ियां, घने जंगल, विशाल नदियां, झीलें और समुद्री किनारे एक साथ उपलब्ध हैं। यूरोपीय और अमेरिकी पर्यटक अक्सर कहते हैं कि भारत में प्रकृति इतनी विविध है कि हर मौसम और हर क्षेत्र में नया अनुभव मिलता है। हालांकि कई बार कुछ यूट्यूबर और व्लॉगर भारत की गलत इमेज अपने वीडियो में चित्रित करते हैं। मगर, एक विदेशी पर्यटक जैक हीटन ने भारत नकारात्मक चीजों को गलत बताते हुए सटीक फीडबैक दिया है। 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर jack_ofalljourneys नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में जैक हीटन ने भारत के लोगों के आतिथ्य सत्कार और गर्मजोशी की सराहना करते हुए कहा है कि भारत के खूबसूरत और अच्छे पहलुओं को सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाया गया है। हीटन ने कहा, "मैं कुछ दिनों से भारत में हूं, और मुझे कुछ बेहद चौंकाने वाली बातें पता चली हैं। आप ऑनलाइन जो कुछ भी देखते हैं, चाहे वह लोगों के बारे में हो, गंदगी के बारे में हो, ट्रैफिक के बारे में हो यह कुछ जगहों पर सच है, लेकिन यह इसका केवल एक छोटा सा हिस्सा है।" हीटन ने बेंगलुरु के लालबाग गार्डन का उदाहरण दिया, जहां वह घूम रहे थे, और बताया कि यह कितना शांत और सुंदर है। वे कहते हैं कि, "मैं इस खूबसूरत पार्क में हूं, यह बहुत ही सुंदर, शांत और सुकून भरा है। पेड़ों के पीछे एक झरना भी है। और अगर आप भारत की किसी आम सड़क पर जाएं, तो मेरे अनुभव के अनुसार वह इतनी गंदी भी नहीं है। लोग सफाई के लिए प्रयास कर रहे हैं।" 

निगेटिव इमेज बनाने वालों को दिया जवाब 

हीटन ने उन विदेशी यात्रियों पर भी कटाक्ष किया जो अक्सर गंदे और अस्वच्छ भोजन स्टालों पर पहुंच जाते हैं और उन्हें देश की वास्तविकता के रूप में चित्रित किया। उन्होंने कहा, "मुझे इस बात की सराहना है कि लोग अपने पास मौजूद संसाधनों से ही काम चला रहे हैं। आपको एक डॉलर प्रतिदिन वाले स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के पास जाने की भी जरूरत नहीं है। यहां उच्च श्रेणी के और बजट के अनुकूल दोनों तरह के विकल्प मौजूद हैं। भारत में आपको जो कुछ भी चाहिए, वह सब कुछ मिल जाएगा। अगर आप थोड़ी कोशिश करें तो लोग आमतौर पर काफी मिलनसार होते हैं। कुछ लोग घूरते हैं, लेकिन कोई बात नहीं। आप 14 मिलियन लोगों के शहर में हैं, और मैंने यहां शायद ही कोई पश्चिमी श्वेत पर्यटक देखा हो। यह चौंकाने वाली बात है कि ऑनलाइन दिखाई जाने वाली छवि नकारात्मक है और इसमें भारत की हर खूबसूरत चीज को नजरअंदाज किया गया है। ज्यादातर लोग भारत का सिर्फ एक ही पहलू दिखाते हैं। मैं आपको वह पहलू दिखाना चाहता हूं जो सोशल मीडिया पर नहीं दिखाया जाता।"

यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया 

इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इस बात पर जोर दिया कि भारत के बारे में केवल नकारात्मक वीडियो ही व्यूज बटोरते हैं। एक यूजर ने कहा, "भाई, अगर तुम बुरी बातें पोस्ट नहीं करोगे तो व्यूज नहीं मिलेंगे, नकारात्मकता ही ज्यादा दर्शकों को आकर्षित करती है, दुनिया का यही नियम है।" हीटन ने कहा कि वह भारत की वास्तविकता का संतुलित पक्ष दिखाने का सचेत प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, "मैं यहां मुद्दों को नजरअंदाज करने नहीं आया हूं, बल्कि यह सुनिश्चित करने आया हूं कि मैं एक सच्चा संतुलित पक्ष दिखाऊं, इस देश की सारी सुंदरता से मुंह न मोड़ूं क्योंकि यहां बहुत कुछ है और मैं इसका और अधिक अनुभव करने के लिए उत्सुक हूं।" 
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
भारत का इकलौता रेलवे स्टेशन, जहां से पैदल ही जा सकते हैं विदेश; नाम सुनकर यकीन नहीं होगा  
 

Video : भारत में दिव्यांग वेटर्स वाला कैफे देख दंग रह गया विदेशी टूरिस्ट, कहा- 'इसीलिए मुझे ये देश पसंद है'