फिल्म ‘हनुमान अंश’ का भक्तिमय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ इन दिनों सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी गूंज रहा है। अमेरिकी जियोलॉजिस्ट, वैदिक मेडिटेशन टीचर और कीर्तन लीडर एलेक सोडरबर्ग (Alec Soderberg) ने इस लोकप्रिय भजन को अपनी आवाज में गाया है। उन्होंने खुद एकतारा तैयार करके उसकी धुन पर गाना प्रस्तुत किया। इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया उनका यह वीडियो 15 लाख से अधिक व्यूज पार कर चुका है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @allwavesandforever नामक हैंडल से शेयर किया गया है। एलेक ने कैप्शन में लिखा कि वे फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखना चाहते थे, लेकिन पास में कहीं नहीं चल रही थी। फिर भी गाना उन्हें बहुत पसंद आया। गाने में एकतारा बजता है, जो उनके पास भी था, इसलिए उन्होंने बजा लिया। आखिर में उन्होंने ‘जय श्री राम’ भी लिखा। वीडियो में वे पूरी भक्ति भाव से गाना गाते नजर आते हैं। अंग्रेजी एक्सेंट होने के बावजूद उनका गायन सुरीला और भावपूर्ण है। लोग कह रहे हैं कि गाने में उनकी आंतरिक भक्ति साफ महसूस होती है।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर वीडियो की भारी तारीफ हो रही है। यूजर्स लिख रहे हैं कि भाषा और देश की सीमाएं भक्ति के सामने कोई मायने नहीं रखतीं। कई लोगों ने एलेक को भारत आने का न्योता दिया। एक यूजर ने कहा, “आप भारत आइए, आपका स्वागत है।”
दूसरे ने उनकी कोशिश की सराहना की, तो कईयों ने लिखा कि “दिल में भक्ति ही जरूरी है।”
भजन के बारे में जानें
‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ मूल रूप से दृष्टिबाधित लोक गायक सुनील लोधी ने गाया और कंपोज किया है। यह पारंपरिक बुंदेली भजन फिल्म ‘हनुमान अंश’ का हिस्सा है, जो नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और हनुमान भक्ति पर आधारित है। गाने में भक्त हनुमान जी के प्रति पूर्ण समर्पण व्यक्त करता है- राम नाम की नाव बनाई, भक्ति की पतवार। यह जीवन के संकटों में हनुमान जी पर पूरा भरोसा रखने का संदेश देता है। इस भजन पर अब कई इंस्टाग्राम यूजर्स भी रील बना रहे हैं। हाल ही में एक स्कूल में भी इसी भजन का समूह गायन करते हुए बच्चों का वीडियो वायरल हुआ था।
कौन हैं एलेक
एलेक सोडरबर्ग अमेरिका के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र से जुड़े जियोलॉजिस्ट हैं। साथ ही वे वैदिक ध्यान, नाद योग और कीर्तन के शिक्षक भी हैं। भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं, मंत्र और भक्ति संगीत से उनका गहरा जुड़ाव है। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर भारतीय मंत्रों और कीर्तन के कई वीडियो उपलब्ध हैं। यह हनुमान भजन वाला क्लिप भी उसी श्रृंखला का हिस्सा है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
फिल्म हनुमान अंश पर बनी अब तक की सबसे क्यूट Reel वायरल, Gen Alpha बच्चों की एक्टिंग देख दिल हार बैठेंगे