मुंबई की एक महिला ने हाल ही में 15 दिन अपने होमटाउन में बिताने के बाद दुबई लौटकर दोनों शहरों के खर्चों और जीवनशैली की दिलचस्प तुलना शेयर की है। उन्होंने बताया कि मुंबई पहले जितना सस्ता नहीं रहा और अगर दुबई में बेहतर सैलरी पैकेज है तो वहीं रहना ज्या दा फायदेमंद है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @mumbaikar_inblingydubai नामक हैंडल से शेयर किया गया है। महिला का नाम फराह है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, “15 दिन मुंबई में बिताए और अब दुबई वापस आ गई हूं। ईमानदारी से कहूं तो मुझे बड़ा कल्चर शॉक की उम्मीद थी, लेकिन मुंबई ने कहा, ‘रिलैक्स, हम भी अपग्रेड हो गए हैं।’ इस बार मैंने कुछ बदलाव नोट किए क्योंकि लोग कहते हैं कि मुंबई से दुबई आने पर ज्यादा फर्क नहीं लगता, वही बड़े बिल्डिंग, मेट्रो सिटी। लेकिन सबसे बड़ा फर्क ट्रैफिक का है।”
महंगाई को बताया सबसे बड़ा बदलाव
उन्होंने आगे बताया कि मुंबई का सबसे बड़ा बदलाव महंगाई है। “जोक्स अलग, लेकिन इस बार मुंबई में जो मैंने देखा वह महंगाई है। हां, शहर काफी ज्यादा महंगा हो गया है। हम कहते थे मुंबई अफोर्डेबल है, ना-ना, अब नहीं है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि किराए पर ज्यादा कमेंट नहीं कर सकतीं क्योंकि मुंबई में वे किराया नहीं देतीं, लेकिन बाहर घूमने-फिरने पर खर्च काफी बढ़ गया है। वे बोलीं कि, “बाहर निकलोगे तो 5 से 6 हजार रुपये से कम खर्च नहीं होता, जो पहले थोड़ा कम था। बाकी सब कुछ महंगा हो गया है।”
'दुबई में सैलरी अच्छी है तो वहीं टिकें'
अपने विचार साझा करते हुए फराह ने सलाह दी कि अगर दुबई में बेहतर सैलरी पैकेज है तो वहीं टिके रहें। वे बोलीं कि, “अगर आप दुबई में बेहतर सैलरी पैकेज के साथ हैं तो उसी से चिपके रहो।” उन्होंने कहा कि मुंबई में सैलरी उतनी तेजी से नहीं बढ़ी जितनी महंगाई। आखिर में उन्होंने बताया, “हां, अगर मुंबई की याद आ रही हो तो मुझे भी आई, लेकिन दुबई वापस आकर कम हॉर्न, स्मूथ रोड्स और थोड़ी ज्यादा फाइनेंशियल ब्रीदिंग रूम का मजा ले रही हूं। कोई शिकायत नहीं। और इसी से चिपके रहो।”
विदेश में रहने वाले सोच में डूबे
यह वीडियो उन भारतीयों के लिए खास मायने रखता है जो दुबई या विदेश में काम करते हैं और घर लौटने का सोचते हैं। मुंबई की बढ़ती महंगाई, ट्रैफिक और खर्चों ने कई लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। फराह के अनुभव से साफ है कि दुबई में बेहतर वेतन और अपेक्षाकृत बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर कई लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स ने इस तुलना पर अपनी राय दी। कुछ ने सहमति जताई कि मुंबई वाकई महंगा हो गया है, जबकि कुछ ने कहा कि परिवार और संस्कृति के लिए भारत बेहतर है। यह चर्चा प्रवासी भारतीयों के बीच आम दुविधा को उजागर करती है—पैसे और सुविधा बनाम घर की याद।
गौरतलब है कि, इससे पहले दुबई में ₹31 लाख रेंट वाले 1BHK का वायरल वीडियो दिखाया था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
'दुबई तुमने मेरा दिल जीत लिया..' मॉल में स्टाफ की मदद से भारतीय महिला को मिला उसका सोने का कंगन, रिएक्शन वायरल